Us Smithsonian Museum: अमेरिका के वॉशिंगटन से एक अच्छी खबर सामने आई है. स्मिथसोनियन के नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट ने बताया है कि वह भारत की तीन पुरानी और बेहद अहम मूर्तियां भारत सरकार को वापस करेगा. ये तीनों मूर्तियां दक्षिण भारत की कांस्य कला की शानदार मिसाल मानी जाती हैं. बता दें कि ये मुर्तियां तमिलनाडु के मंदिरों से जुड़ी हुई थीं.

म्यूजियम के मुताबिक ये मूर्तियां कई साल पहले मंदिरों से गैरकानूनी तरीके से हटा ली गई थीं. लंबे समय तक चली जांच के बाद अब यह फैसला लिया गया है. लौटाई जा रही मूर्तियों में चोल काल की शिव नटराज की मूर्ति, चोल काल की ही सोमास्कंद मूर्ति और विजयनगर काल की संत सुंदरर और परवै की मूर्ति शामिल हैं.

म्यूजियम ने यह भी साफ किया है कि शिव नटराज की मूर्ति भारत सरकार के साथ हुए समझौते के तहत अमेरिका में ही रहेगी. यह एक लंबे समय के लोन पर होगी. इसका मतलब यह है कि मूर्ति भारत की ही मानी जाएगी लेकिन म्यूजियम में इसे प्रदर्शित किया जाता रहेगा. साथ ही इसके इतिहास मंदिर से हटाए जाने और भारत को लौटाने की पूरी कहानी भी लोगों के सामने रखी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

यह फैसला म्यूजियम की दक्षिण एशियाई संग्रह की कई साल तक चली जांच के बाद लिया गया है. साल 2023 में फ्रांस के पांडिचेरी स्थित फ्रेंच इंस्टीट्यूट के फोटो आर्काइव से जुड़े शोधकर्ताओं ने पुष्टि की थी कि ये तीनों मूर्तियां 1956 से 1959 के बीच तमिलनाडु के अलग-अलग मंदिरों में मौजूद थीं. बाद में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी ASI ने भी जांच कर यह माना कि इन मूर्तियों को भारतीय कानून के खिलाफ हटाया गया था.

म्यूजियम के डायरेक्टर चेस एफ. रॉबिन्सन ने कहा कि उनकी संस्था सांस्कृतिक धरोहर को जिम्मेदारी के साथ संभालने और पूरी पारदर्शिता रखने में विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि इन मूर्तियों की वापसी इस बात का सबूत है कि म्यूजियम सही और नैतिक तरीके से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही उन्होंने भारत सरकार का धन्यवाद भी किया. जिसने शिव नटराज की मूर्ति को प्रदर्शित करने की इजाजत दी थी.

जानकारी के मुताबिक शिव नटराज की मूर्ति मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुत्तुरैप्पुंडी तालुक के श्री भाव औषधेश्वर मंदिर की थी. जहां इसकी तस्वीर 1957 में ली गई थी. बाद में यह न्यूयॉर्क की डोरिस वीनर गैलरी के जरिए साल 2002 में म्यूजियम तक पहुंची  थी. जांच में यह भी सामने आया कि इस गैलरी ने मूर्ति की बिक्री के लिए गलत कागजात दिए थे.

बाकी दो मूर्तियां साल 1987 में आर्थर एम. सैकलर की ओर से दिए गए लगभग एक हजार कलाकृतियों के दान के साथ म्यूजियम में आई थीं. जांच में पाया गया कि सोमास्कंद मूर्ति 1959 में अलत्तूर गांव के विश्वनाथ मंदिर में थी. जबकि संत सुंदरर और परवै की मूर्ति 1956 में वीरसोलापुरम गांव के एक शिव मंदिर में मौजूद थी.

म्यूजियम ने बताया कि किसी भी कलाकृति की असली कहानी जानने के लिए उसकी जांच की जाती है. इसमें मूर्ति को ध्यान से देखना, पुराने फोटो, निर्यात के कागज, डीलर के रिकॉर्ड और शिपिंग से जुड़ी जानकारी शामिल होती है. इससे यह पता चलता है कि वह कलाकृति कहां से आई और किन हाथों से गुजरी.

बता दें कि कई सालों से भारत उन सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी की मांग करता रहा है. जो गलत तरीके से मंदिरों और ऐतिहासिक जगहों से बाहर ले जाई गई थीं. यह फैसला भारत के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है.

स्मिथसोनियन संस्था दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम और रिसर्च समूह है, जिसके तहत कई म्यूजियम आते हैं. नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट की शुरुआत 1923 में हुई थी. यहां एशियाई कला का बड़ा संग्रह है. यह म्यूजियम आम लोगों के लिए मुफ्त में खुला रहता है.

यह भी पढ़ें:  DNA: ट्रंप ने मिडिल ईस्ट भेजा समंदर का ‘महादैत्य’ तो ईरान ने कर ली सबसे बड़े ड्रोन युद्ध की तैयारी