Epstein Files: जेफ्री एप्सटीन मामले को लेकर एक बार फिर अमेरिका में हलचल मची हुई है. अमेरिकी न्याय विभाग ने जांच से जुड़ी लाखों फाइलें सार्वजनिक कर दी गई हैं. इनमें ईमेल, तस्वीरें, वीडियो और शिकायतों का ब्योरा शामिल है. फाइलों में बिल गेट्स पर एक गुप्त बीमारी और रूसी लड़कियों के साथ संबंधों के गंभीर दावे किए गए हैं. वहीं डोनाल्ड ट्रंप और एक युवती की मुलाकात का भी जिक्र है. हालांकि इन दावों की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है. इन दस्तावेजों में कई बड़े और जाने पहचाने लोगों के नाम हैं. हालांकि ज्यादातर बातें बिना जांचे और पुष्टि के बताई गई हैं.

बिल गेट्स को लेकर क्या दावा 
नई फाइल्स में शामिल कुछ ईमेल में दावा किया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने रूसी महिलाओं के साथ संबंध बनाए. उन्हें एक यौन बीमारी हो गई. इन ईमेल में यह भी लिखा गया है कि गेट्स ने अपनी उस समय की पत्नी मेलिंडा गेट्स को चुपचाप दवा देने के लिए एंटीबायोटिक मांगी थी. ये ईमेल साल 2013 के बताए गए और कहा गया है कि इन्हें खुद एप्सटीन ने ड्राफ्ट के तौर पर लिखा था.

बिल गेट्स ने आरोपों को नकारा
फाइल्स सामने आने के बाद बिल गेट्स की ओर से कड़ा बयान आया है. उनके प्रवक्ता ने कहा कि ये सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं. उनका कहना है कि इन दस्तावेजों से सिर्फ यह दिखता है कि एप्सटीन गेट्स से नाराज था. उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा था. गेट्स पहले भी कह चुके हैं कि उन्हें एप्सटीन से किसी तरह का संबंध रखने का अफसोस है. उन्होंने कभी कोई गलत काम नहीं किया.

Add Zee News as a Preferred Source

30 लाख पन्नों में क्या-क्या शामिल?
न्याय विभाग ने बताया कि उसने एप्सटीन से जुड़ी 30 लाख से ज्यादा पन्नों की लिस्ट जारी की है. इसके साथ 2000 से ज्यादा वीडियो और करीब 1 लाख 80 हजार तस्वीरें भी शामिल हैं. डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा कि इन फाइल्स को जारी करने से पहले लंबी जांच की गई और पीड़ितों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी को छिपा दिया गया है.

ट्रंप समेत कई बड़े नामों का जिक्र
इन फाइल्स में डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी सामने आया है. 2021 के एक एफबीआई मेमो के हवाले से कहा गया है कि घिस्लेन मैक्सवेल ने एक युवती को ट्रंप से मिलवाया था. उसे मार-ए-लागो बुलाया गया था. हालांकि उसी दस्तावेज में यह भी साफ लिखा है कि ट्रंप और उस महिला के बीच कुछ भी नहीं हुआ. साथ ही किसी अपराध की पुष्टि नहीं होती हैं.

और किन लोगों के नाम आए सामने
इन दस्तावेजों में एलन मस्क, मेलानिया ट्रंप, हॉवर्ड लटनिक, बिल गेट्स, फिल्ममेकर और जोहरान ममदानी की मां मीरा नायर, फ्रांस के पूर्व मंत्री जैक लैंग, ट्रंप के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन और ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू जैसे नाम सामने आए हैं. न्याय विभाग ने साफ किया है कि किसी का नाम आना यह नहीं बताता कि वह एप्सटीन के अपराधों में शामिल था या उसे उनकी जानकारी थी. 

बता दें, न्याय विभाग ने कहा है कि व्हाइट हाउस का इन फाइल्स की जांच या छंटनी में कोई रोल नहीं था. विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि यह एप्सटीन से जुड़ी फाइल्स की आखिरी बड़ी रिलीज हो सकती है.

एप्सटीन और गेट्स का पुराना रिश्ता
जेफ्री एप्सटीन की साल 2019 में जेल में मौत हो गई थी. वह यौन तस्करी के आरोपों में मुकदमे का सामना कर रहा था. बिल गेट्स पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें एप्सटीन से मिलने-जुलने का पछतावा है. बिल और मेलिंडा गेट्स की शादी 1994 से 2021 तक रही थी. मेलिंडा ने कहा था कि गेट्स के रिश्ते और एप्सटीन से जुड़ाव उनकी तलाक की वजहों में शामिल थे हालांकि उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी थी.

यह भी पढ़ें: एप्सटीन फाइल्स में ‘खेल’? DOJ की वेबसाइट से हटे ट्रंप वाले दस्तावेज, गायब हुईं 16 फाइलें, अमेरिका में मचा बवाल