
T20 World Cup USA Squad: अमेरिका ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. उसने सबको चौंकाते हुए श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर शेहान जयसूर्या का सेलेक्शन किया है. वह टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिकी टीम के लिए डेब्यू करने वाले हैं. 34 साल के जयसूर्या बाएं हाथ से बल्लेबाजी और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं. उन्हें टूर्नामेंट के लिए अमेरिका की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. यह टूर्नामेंट 7 फरवरी को भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाला है.
जयसूर्या और मोहसिन करेंगे डेब्यू
जयसूर्या ने 2015 से 2020 तक श्रीलंका के लिए 12 वनडे और 18 टी20 खेले हैं. वह टीम के उन दो खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें अभी तक USA की कैप नहीं मिली है. दूसरे खिलाड़ी 29 साल के पेशावर में जन्मे लेग स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मोहम्मद मोहसिन हैं. उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर का पोता अमेरिकी टीम में शामिल
टीम में पुणे में जन्मे बल्लेबाज शुभम रंजने भी हैं, जिन्होंने USA के लिए चार वनडे खेले हैं लेकिन अभी तक टी20 डेब्यू नहीं किया है. रंजने पूर्व तेज गेंदबाज वसंत रंजने के पोते हैं. उन्होंने 1958 से 1964 तक भारत के लिए सात टेस्ट मैच खेले थे.
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप से पहले आईसीसी का बड़ा ऐलान, IND vs PAK मैच में ये दिग्गज होंगे अंपायर, देखें पूरी लिस्ट
मोनांक पटेल टीम के कप्तान
टीम में 10 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो 2024 T20 वर्ल्ड कप में USA के सुपर आठ स्टेज तक पहुंचने वाली टीम का हिस्सा थे. इनमें एंड्रीज गौस और सौरभ नेत्रावलकर शामिल हैं, जो उस टूर्नामेंट में टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे. टीम के कप्तान मोनांक पटेल हैं. हालांकि, स्टार बल्लेबाज एरॉन जोन्स टीम में नहीं हैं, क्योंकि उन पर आईसीसी और CWI के एंटी-करप्शन कोड के तहत आरोप लगे हैं और उन्हें सभी तरह के क्रिकेट से सस्पेंड कर दिया गया है.
भारत-पाकिस्तान के ग्रुप में अमेरिका
अमेरिका ग्रुप A में पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड्स और डिफेंडिंग चैंपियन भारत के साथ है. अमेरिकी टीम टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई में भारत के खिलाफ करेगी. इसके बाद उसका मुकाबला 10 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से होगा. अमेरिका ने पाकिस्तान को 2024 में परास्त किया था. इसके बाद टीम के आखिरी दो ग्रुप मैच चेन्नई में नीदरलैंड्स (13 फरवरी) और नामीबिया (15 फरवरी) के खिलाफ हैं.
ये भी पढ़ें: मुश्किल ही नहीं नामुमकिन! असंभव जैसा है टेस्ट क्रिकेट के इन 10 रिकॉर्ड्स का टूटना, बड़े-बड़े दिग्गज हुए फेल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अमेरिका की टीम
मोनांक पटेल (कप्तान), जसदीप सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयान जहांगीर, सैतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने.
