U19 World Cup, IND vs PAK: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-6 स्टेज में रविवार को भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हो रहा है. बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में टीम इंडिया के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. 22 गेंदों पर 30 रन बनाने के बाद वो मोहम्मद सय्याम की गेंद पर विकेट कीपर को कैच दे बैठे. सय्याम के इस ओवर में मैदान पर काफी ड्रामा हुआ.
सुपर-6 के अहम मैच में पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज की सलामी जोड़ी ने भारत को ठोस शुरुआत दिलाई, लेकिन 8वें ओवर में सूर्यवंशी ने बड़ी गलती कर दी. इसके बाद भारतीय टीम को एक साथ तीन झटके लगे.
वैभव सूर्यवंशी को एक गेंद पर मिला दो जीवनदान
पाकिस्तान की टीम खेल रही हो और फील्डिंग में ब्लंडर ना हो, ऐसा कैसे हो सकता है? भारतीय पारी के 8वें ओवर में दिलचस्प ड्रामा हुआ. मोहम्मद सय्याम की तीसरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी पुल शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन टाइमिंग सही नहीं हुई और गेंद शॉट मिड लेग की दिशा में खड़ी हो गई. फील्डर के पास कैच लेने का आसान मौका था, लेकिन हुज़ैफ़ा अहसान ने कैच टपका दिया. इसी गेंद पर वैभव को रन आउट करने का मौका भी मिला, लेकिन पाकिस्तान की टीम इस मौके को भी नहीं भुना सकी. इसी के साथ वैभव सूर्यवंशी को एक ही गेंद पर पाकिस्तान ने दो जीवनदान दे दिए.
— Star Sports Football (@StarFootball) February 1, 2026
अगली गेंद पर आउट हुए वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी इस मौके का बिल्कुल फायदा नहीं उठा सके और ऐसी गलती कर दी, जिसके लिए वो खुद को माफ नहीं कर सकेंगे. अगली गेंद पर वो फिर शॉट खेलने गए और गेंद ने बैट का अंदरूनी किनारा लिया और वो कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए. इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान आयुष म्हात्रे भी शून्य पर आउट हो गए और टीम इंडिया संकट में फंस गई. 7 ओवर तक भारत का स्कोर 47/0 था और 8.1 ओवर में कहानी बदल गई और टीम इंडिया ने इसी स्कोर पर तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए.
ये भी पढ़ें: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद का महारिकॉर्ड, यूथ वनडे में रच दिया इतिहास
