News in Brief

भारत ने शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में यूएसए को 29 रनों से हराकर आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत जीत के साथ की. हालांकि यह जीत भारत के लिए आसान नहीं रही और मैच के दौरान कुछ समय के लिए टीम मुश्किल में भी दिखी.

भारत ने जीता पहला मैच

कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार नाबाद 84 रन की पारी और आखिरी समय में टीम में आए मोहम्मद सिराज की बेहतरीन गेंदबाजी (3 विकेट देकर 29 रन) की बदौलत भारत टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट का अपना पहला मैच जीत पाया. आइए एक नजर डालते हैं भारत बनाम अमेरिका (USA) मैच में बने 6 बड़े रिकॉर्ड्स पर.

Add Zee News as a Preferred Source

भारत बनाम अमेरिका (USA) मैच में बने कौन से 6 बड़े रिकॉर्ड्स?

1. अमेरिका (USA) के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा अपने खाते में कोई रन नहीं जोड़ पाए. यह उनके करियर का चौथा डक रहा. पिछले पांच मैचों में यह अभिषेक शर्मा का तीसरा गोल्डन डक था.

2. सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के रूप में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बने. रोहित शर्मा (1905), विराट कोहली (1570) और एमएस धोनी (1112) अन्य खिलाड़ी हैं.

3. 84 रन टी20 वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार यादव का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. उनका पिछला बेस्ट स्कोर साल 2022 में पर्थ में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 68 रन था.

4. सूर्यकुमार यादव का नाबाद 84 रन टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू में कप्तान द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले 2009 में द ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने 88 रन बनाए थे.

5. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार नौवीं जीत हासिल करके एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. टीम इंडिया अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा 9 मैच जीतने वाली टीम बन गई है.

6. सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में अब सबसे ज्यादा ‘मैन ऑफ द मैच’ (17) पुरस्कार जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले, वह सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड के लिए विराट कोहली के साथ बराबरी पर थे, दोनों के पास 16-16 अवॉर्ड थे.