T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है. पहले दिन तीन मुकाबले हुए. कोलंबो में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को हराया. फिर कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को पटखनी दी और शाम के मैच में भारत ने वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ बाजी मारी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चौथे मैच में अफगानिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से हुआ. चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में हुए मुकाबले में राशिद खान की टीम का पलड़ा इसलिए भारी था, क्योंकि पिछले टी20 वर्ल्ड कप में जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थी, तब अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड को 84 रनों से रौंदा था.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी अफगानिस्तान से यही उम्मीद थी, लेकिन इस बार बाजी न्यूजीलैंड ने मारी. चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते 182 रन बनाए थे. इसके बाद उनकी जीत की उम्मीद और बढ़ गई क्योंकि टी20 इंटरनेशनल में 180+ स्कोर करने के बाद उन्हें कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा था, लेकिन न्यूजीलैंड ने इतिहास को बदलते हुए यादगार जीत हासिल की.
अफगानिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक जीत
अफगानिस्तान के खिलाफ मिली ये जीत न्यूजीलैंड के लिए ऐतिहासिक है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कीवी टीम ने इससे पहले कभी भी इतने बड़े लक्ष्य का पीछा नहीं किया था. इसके अलावा ये T20I में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज भी है. इस यादगार जीत में ओपनर टिम सीफर्ट का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 42 गेंदों पर 65 रनों की शानदार पारी खेली. टिम सीफर्ट को इस प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगा अफगानिस्तान?
न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद अब अफगानिस्तान के लिए आगे का सफर आसान नहीं होने वाला है. राशिद खान की टीम ग्रुप-डी में है, जहां उनका सामना साउथ अफ्रीका, यूएई और कनाडा से होना है. इस ग्रुप को सबसे खतरनाक माना जा रहा है, क्योंकि इसमें अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका है. इनमें से कोई दो सुपर-8 में जगह बना पाएगा. अफगानिस्तान को अब किसी कीमत पर साउथ अफ्रीका को हराना होगा, नहीं तो राशिद की टीम इस बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगी. हालांकि, साउथ अफ्रीका को हराना अफगान के लिए आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि प्रोटियाज खिताब जीतने की प्रवल दावेदार मानी जा रही है.
2024 टी20 वर्ल्ड कप में खेला था सेमीफाइनल
अगर अफगानिस्तान की टीम इस बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई तो ये बड़ा उलटफेर होगा, क्योंकि 2024 में उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था. 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सनसनी मचा दी थी. उन्हें सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने 9 विकेट से हराया था.
ये भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान ‘महाजंग’ के लिए हो जाईए तैयार, ICC मीटिंग के बाद बड़ा अपडेट, PCB ने टेके घुटने
