Deadly Attack on Sheikh Hasina 2004 Story: शेख हसीना के तख्तापलट के बाद बांग्लादेश में 12 फरवरी को पहले आम चुनाव होने जा रहे हैं. इस चुनाव में वहां पर हिंसा का तांडव जारी है और जगह-जगह लोगों पर हमले की खबरें सामने आ रही हैं. लेकिन अगर बांग्लादेश का इतिहास देखें तो वहां की राजनीति में हिंसा कोई नई बात नहीं है. आज से 22 साल पहले भी वहां पर तत्कालीन विपक्षी नेता शेख हसीना पर बड़ा हमला हुआ था. जिसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था. उस भयावह हमले में 24 लोग मारे गए थे और 500 लोग घायल हो गए थे. इ्स अटैक में शेख हसीना बाल-बाल बच तो गईं लेकिन उसका डर उनके जेहन में हमेशा के लिए बैठा रह गया. आज 22 साल पुराना वह भयावह किस्सा हम आपके सामने लाने जा रहे हैं.
शेख हसीना को सुनने पहुंचे थे 20 हजार समर्थक
बात 2004 की है. अवामी लीग की मुखिया शेख हसीना ने भी 21 अगस्त 2004 को ढाका में बंगबंधु एवेन्यू पर आतंक विरोधी रैली बुलाई थी. यह रैली देश में बढ़ती हिंसा पर विरोध जताने के लिए होनी थी. शाम करीब साढ़े पांच बजे शेख हसीना अपनी बुलेटप्रूफ कार से बाहर निकलकर एक ट्रक के ऊपर जनसभा को संबोधित कर रही थी. उनके सामने करीब 20 हजार अवामी लीग समर्थक थे, जो उनकी बात सुनने के लिए वहां आए थे.
तभी रैली में फटने शुरू हो गए हैंड ग्रेनेड
वे अपना भाषण पूरा कर ट्रक से नीचे उतरने वाली ही थीं कि तभी उनके आसपास हैंड ग्रेनेड फटने शुरू हो गए. हमला होते ही उनके ट्रक पर सिर नीचे करके बैठ जाने को कहा. इसके साथ ही दूसरे सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत बुलेटप्रूफ गाड़ी ट्रक के पास मंगवाई. जब वे ट्रक से नीचे उतरीं तो सुरक्षाकर्मी और पार्टी के नेता ढाल बनकर उनके चारों ओर खड़े हो गए. जिससे वे जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गई. इसके तुरंत बाद उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी में बिठाकर वहां से सुरक्षित निकाला गया.
चली गई 24 लोगों की जान, 500 हुए थे घायल
इस भयावह हमले में वहां पर 24 लोग मारे गए और 500 से ज्यादा घायल हो गए. मरने वालों में पूर्व राष्ट्रपति जिल्लूर रहमान की पत्नी इवी रहमान भी शामिल थीं. वे अवामी लीग की महिला मामलों की सचिव होने के नाते रैली में मौजूद थीं.
बाद में एक इंटरव्यू में शेख हसीना ने कहा, ‘मुझ पर हमले के लिए जो ग्रेनेड इस्तेमाल किए गए, उनका यूज आमतौर पर आर्मी करती है. इस हमले का मकसद मेरी हत्या करना था. हमलावरों ने एक के बाद एक कई ग्रेनेड फेंकने के साथ ही लगातार गोलियां भी चलाईं. जिसमें कई गोलियां मेरी गाड़ी पर भी लगीं. लेकिन अल्लाह की दुआ से मैं बच गई.’
अडियाला जेल से हिल रही शहबाज-मुनीर की सत्ता, रावलपिंडी में फिर बढ़ाई गई धारा- 144; मेट्रो बस सेवा भी सस्पेंड
बाद में इस आतंकी गुट ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस खतरनाक हमले से बांग्लादेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था हिलकर रह गई. अटैक में शेख हसीना के कान में चोट लगी, जो आज भी उन्हें दर्द देती है. इस हमले की जांच कई सालों तक चली. जांच में इस अटैक के लिंक बांग्लादेश के आतंकी गुट हरकत-उल-जिहाद अल-इस्लामी (हूजी) से जुड़े पाए गए. बांग्लादेश पुलिस ने हूजी के मुफ्ती मोहम्मद हन्नान और उनके दो साथियों को अरेस्ट किया. उन्हें नवंबर 2007 में अदालत में पेश किया गया. जहां पर उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने ही साजिश के तहत शेख हसीना को निशाना बनाकर हमला किया था.
