Epstein Files Row: नॉर्वे की जॉर्डन में मौजूद राजदूत मोना जूल ने जेफरी एपस्टीन के साथ अपने संपर्क की जांच के चलते इस्तीफा दे दिया है. वह 1990 के दशक में इजरायल-फिलिस्तीन शांति प्रयासों में शामिल थीं. उनके इस्तीफे की जानकारी नॉर्वे के विदेश मंत्रालय की ओर से रविवार 8 फरवरी 2026 की शाम को दी गई. यह घोषणा उन्हें जॉर्डन में नॉर्वे की राजदूत के पद से निलंबित किए जाने के कुछ दिनों बाद की गई.
मोना जूल ने दिया इस्तीफा
मोना जूल का सस्पेंशन उन रिपोर्ट्स के बाद हुआ, जिनमें कहा गया कि एपस्टीन ने साल 2019 में न्यूयॉर्क की एक जेल में आत्महत्या करने से कुछ समय पहले अपनी वसीयत तैयार की थी, जिसमें उन्होंने जूल और उनके पति टेर्जे रोड लार्सन के बच्चों के लिए 10 मिलियन डॉलर छोड़े थे. विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे ने कहा कि जूल का फैसला सही और आवश्यक था. उन्होंने कहा कि दोषी यौन अपराधी के साथ उनके संपर्क ने फैसले लेने में गंभीर चूक दिखाई और कहा कि यह मामला उस भरोसे को बहाल करना मुश्किल बनाता है जिसकी इस पद के लिए आवश्यकता होती है.
ये भी पढ़ें- ट्रंप की थू-थू, ओबामा का मजाक उड़ाने पर बढ़ा बवाल, इंटरनेट ने बता दिया नस्लवादी
मोना जूल का एपस्टीन से संबंध
बार्थ ईडे ने कहा कि मंत्रालय जूल के एपस्टीन से संपर्क और उनके बारे में जानकारी की जांच जारी रखेगी. इसके साथ ही मामले को स्पष्ट रखने के लिए मंत्रालय जूल के साथ बातचीत भी जारी रखेगी. बता दें कि मोना जूल ने पिछले हफ्ते नॉर्वेजियन न्यूज एजेंसी ‘NBT’ को दिए एक बयान में स्वीकार किया कि एपस्टीन के साथ उनके संपर्क को न्यूनतम बताना गलत था, लेकिन उन्होंने कहा कि यह संपर्क उनके पति के एपस्टीन के साथ संबंधों के कारण शुरू हुआ था. जूल ने कहा कि उनका एपस्टीन के साथ कोई सामाजिक या व्यावसायिक संबंध नहीं था. उन्होंने लिखा कि एपस्टीन के साथ उनका संपर्क अनियमित और प्राइवेट था, जो उनके आधिकारिक कर्तव्यों का हिस्सा नहीं था, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें कहीं अधिक सावधान रहना चाहिए था.
ये भी पढ़ें- दशकों बाद खुलेआम ईरान की सड़कों पर बाइक चला सकेंगी महिलाएं, सरकार ने पलटा सालों पुराना कानून
नॉर्वे की प्रमुख हस्तियों का एपस्टीन के साथ संबंध
बता दें कि एपस्टीन से जुड़े डॉक्यूमेंट्स के हाल ही में हुए नए खुलासे ने नॉर्वे की कई प्रमुख हस्तियों की छवि को धूमिल कर दिया है. इसमें क्राउन प्रिंसेस मेटे मारिट का नाम भी शामिल है, जिन्होंने एपस्टीन के साथ अपने संबंध को लेकर जनता से माफी मांगी है. उनपर साल 2011-2014 के बीच एपस्टीन के साथ अपने करीबी संबंधों और ईमेल को लेकर स्पष्टीकरण देने का दबाव है. इस मामले में नॉर्वे के पूर्व प्रधानमंत्री थोरब्योर्न जगलैंड का भी नाम है, जो कभी नोबेल पीस प्राइज देने वाली कमिटी के चीफ भी रह चुके हैं. उन्होंने साल 2014 में एपस्टीन से संपत्ति खरीदने में मदद मांगी थी.
