Air Canada: क्यूबा में ईंधन संकट और गहरा गया है. अमेरिकी प्रशासन द्वारा क्यूबा को तेल आपूर्ति पर सख्ती के बाद हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं. इसी बीच एयर कनाडा ने विमानन ईंधन की कमी का हवाला देते हुए क्यूबा के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं. एयरलाइन का कहना है कि उसकी प्राथमिकता क्यूबा में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित रूप से कनाडा वापस लाना है, जिसके लिए खाली उड़ानें संचालित की जाएंगी. हालात की समीक्षा के बाद सेवाएं बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा.

क्यूबा की सरकार ने जारी किया नोटम

एयर कनाडा के बयान के मुताबिक, क्यूबा के हवाई अड्डों पर विमान ईंधन की उपलब्धता को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और सरकारों द्वारा जारी नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) के बाद यह फैसला लिया गया है. अनुमान है कि 10 फरवरी से क्यूबा के हवाई अड्डों पर विमान ईंधन व्यावसायिक लिहाज से उपलब्ध नहीं होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

एयरलाइन ने बताया कि जिन शेष उड़ानों का संचालन जरूरी होगा उनके लिए अतिरिक्त ईंधन टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर वापसी के दौरान तकनीकी स्टॉप लेकर ईंधन भरा जाएगा. एयर कनाडा ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात सामान्य होने पर क्यूबा के लिए सेवाएं दोबारा शुरू करने की तारीख तय की जाएगी.

फिलहाल क्यूबा में एयर कनाडा के लगभग 3000 यात्री मौजूद हैं, जिनमें से अधिकतर एयर कनाडा वेकेशंस पैकेज के तहत यात्रा कर रहे हैं. एयरलाइन ने कहा कि इन यात्रियों को वापस लाने के लिए नियमित उड़ान शेड्यूल को बनाए रखते हुए खाली उड़ानें चलाई जाएंगी. 

 एयर कनाडा हफ्ते में करता था 16 उड़ानें संचालित

एयर कनाडा और एयर कनाडा वेकेशंस ने पहले ही क्यूबा जाने वाले यात्रियों के लिए लचीली रीबुकिंग नीति लागू कर दी थी. अब एयर कनाडा वेकेशंस ने रिफंड नीति की घोषणा की है, जिसके तहत क्यूबा के लिए रद्द की गई उड़ानों पर यात्रियों को उनके मूल भुगतान माध्यम से स्वत पूरा रिफंड मिलेगा. इसके लिए ग्राहकों को संपर्क केंद्र से संपर्क करने की आवश्यकता नहीं होगी. क्यूबा में मौजूद एयर कनाडा वेकेशंस पैकेज वाले यात्रियों को स्थानीय प्रतिनिधियों के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. 

इस बीच आपको बता दें कि एयर कनाडा आमतौर पर टोरंटो और मॉन्ट्रियल से क्यूबा के 4 स्थानों के लिए औसतन 16 उड़ानें संचालित करती है. इनमें वराडेरो, कायो कोको, होल्गुइन और सांता क्लारा शामिल हैं. फिलहाल होल्गुइन और सांता क्लारा के लिए उड़ानें पूरे सीजन के लिए रद्द कर दी गई हैं, जबकि वराडेरो और कायो कोको के लिए साल भर चलने वाली सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं और 1 मई से इनके फिर से शुरू होने की संभावना जताई गई है. एयरलाइन ने कहा कि इन विमानों को फिलहाल अन्य अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों के लिए तैयार किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: सिर्फ लाहौर के लोगों ने पतंगबाजी पर उड़ाए 20 अरब रुपये, बसंत की वापसी ने खोल दिए पाकिस्तान के भाग्य?

इस बीच आपको बता दें कि क्यूबा की सरकार ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों को चेतावनी दी है कि वे अगले महीने तक हवाना स्थित उसके मुख्य हवाई अड्डे पर ईंधन नहीं भरवा सकेंगी. ये चेतावनी डोनाल्ड ट्रंप द्वारा क्यूबा को तेल की आपूर्ति करने वाले किसी भी देश पर शुल्क लगाने की धमकी के बाद दी गई है. संघीय विमानन प्रशासन ने रविवार को एक नोटिस जारी कर कहा कि मंगलवार से 11 मार्च तक जोस मार्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ए-1 जेट ईंधन उपलब्ध नहीं होगा.