भारत में भी संसद सत्र चल रहा है लेकिन दिल्ली से 14 हजार किमी दूर संसद में एक नेता ने मेज पीटते हुए हिंदी में डिबेट का चैलेंज दे दिया. जी हां, गयाना की संसद में विपक्षी नेता सांसद विकास रामकिसून के हिंदी ज्ञान पर सवाल उठा रहे थे. विकास उस समय अंग्रेजी में बोल रहे थे. आगे उन्होंने गरजते हुए जो कहा, संसद का माहौल गरम हो गया.

गयाना स्थित भारतीय उच्चायोग ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है- गयाना की संसद में गूंजी हमारी हिंदी. नवनिर्वाचित सांसद एवं कृषि राज्य मंत्री श्री विकास रामकिसून ने हिंदी में अपनी बात रखकर विपक्ष के सांसद की उनपर की गई टिप्पणी का मुंहतोड़ जवाब दिया और हिंदी के प्रति उनकी आस्था को इंगित किया.

हिंदी में ललकारे रामकिसून

Add Zee News as a Preferred Source

विकास रामकिसून ने उंगली के इशारे से कहा, ‘मैं उन्हें जवाब दे रहा हूं. मैं अब कह रहा हूं.’ आगे विकास ने हिंदी में ललकारते हुए कहा कि माननीय अध्यक्ष महोदय, आदरणीय सदस्य माननीय विष्णु पांडे मैं अभी इसी वक्त उनको चुनौती देता हूं कि किसी भी स्तर पर, किसी भी जगह पर जाकर, विषय वो तय करेंगे और जितनी भी बहस वह करना चाहते हैं, वो तय करेंगे, मैं जाकर बिना कागज देखकर डिबेट करूंगा. 

इसके बाद रामकिसून ने जो कुछ हिंदी में बोला था, उसे बाकियों को समझाने के लिए अंग्रेजी में रीपीट किया.