US Fact Sheet: व्हाइट हाउस ने अमेरिका और भारत के बीच हाल ही में हुए व्यापार समझौते पर अपनी पहली आधिकारिक फैक्ट शीट जारी की है. इस शीट में इस ऐतिहासिक समझौते को संतुलित, पारस्परिक व्यापार को साकार करने का प्रयास बताया गया है जो अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों के बड़े बाजार को खोलेगा.

दिलचस्प बात यह है कि फैक्ट शीट में भारत द्वारा रूस से तेल की खरीद बंद करने के बारे में कोई ठोस उल्लेख नहीं किया गया है. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यकारी आदेश में इसका उल्लेख था. शीट में केवल एक संक्षिप्त बयान शामिल है, जिसमें कहा गया है कि ट्रम्प ने रूसी तेल की खरीद बंद करने के भारत के संकल्प को मान्यता देते हुए भारत से आयात पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने पर सहमति व्यक्त की है.

अमेरिकी उत्पादों के लिए खुलेगा भारत का बाजार

Add Zee News as a Preferred Source

व्हाइट हाउस ने फैक्ट शीट में कहा कि यह समझौता टैरिफ कम करके और गैर-टैरिफ बाधाओं को आसान बनाकर अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत के बाजार को खोलेगा. समझौते के अनुसार, अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले पारस्परिक शुल्क को पहले के 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा, हालांकि कटौती लागू करने की समयसीमा अभी तय नहीं है.

वहीं, भारत अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर शुल्क को कम या समाप्त करेगा. फैक्ट शीट में सूखे अनाज, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और फल, दालें, सोयाबीन तेल, शराब और स्पिरिट सहित कई उत्पादों का उल्लेख किया गया है. सबसे महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताओं में से एक भारत का डिजिटल सेवा कर को हटाने का निर्णय है. 

ये भी पढ़ें: प्रिंस विलियम की सऊदी यात्रा पर विवाद, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात को लेकर उठे सवाल

 दोनों देशों के बीच डिजिटल व्यापार नियम होंगे और मजबूत

भारत अब डिजिटल सेवा कर को समाप्त करेगा और द्विपक्षीय डिजिटल व्यापार नियमों के एक मजबूत समूह के निर्माण के लिए सहमत हुआ है. दोनों देशों ने प्रौद्योगिकी व्यापार में सहयोग बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने और निवेश, निर्यात नियंत्रण व जांच-पड़ताल में समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति जताई. व्हाइट हाउस ने कहा कि यह समझौता प्रौद्योगिकी उत्पादों में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाएगा और नवाचार एवं विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में सहयोग को गहरा करेगा.