Iran president apology protests: ईरान के इतिहास में ऐसा शायद ही पहले कभी हुआ हो। 1979 की इस्लामिक क्रांति की 47वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने वह कदम उठाया जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. देश भर में हुए हिंसक प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों की कठोर कार्रवाई में मारे गए लोगों के परिवारों से राष्ट्रपति ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है. उन्होंने स्वीकार किया कि सरकार अपनी जनता के सामने शर्मिंदा है. जहां एक तरफ देश की सड़कों पर जश्न मनाया जा रहा था, वहीं राष्ट्रपति का यह माफीनामा ईरान के भीतर गहरे असंतोष और बदलती राजनीति की गवाही दे रहा है. अब सवाल ये आ रहा है कि आखिर क्यों राष्ट्रपति को इस समय झुकना पड़ा, क्या यह केवल जनता का गुस्सा शांत करने की एक चाल है या ईरान वाकई बदलने वाला है.

हालात को संभालने की कोशिश
हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कितने लोग मारे गए थे. उन्होंने प्रदर्शनों को लेकर फैलाई जा रही पश्चिमी प्रचार सामग्री की भी आलोचना की है. पेजेश्कियान का बयान ऐसे समय आया है जब देश में पिछले महीने हुए विरोध प्रदर्शनों की वजह से हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं. हजारों लोग सड़कों पर उतरे थे. इसके बाद सुरक्षा बलों ने सख्त कार्रवाई की थी. इसी कार्रवाई में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने और गिरफ्तार होने की खबरें सामने आई थीं. सरकार अब हालात को संभालने की कोशिश कर रही है.

बुधवार को ईरान में 1979 की इस्लामिक क्रांति की 47वीं वर्षगांठ भी मनाई गई. सरकारी टीवी पर देशभर में रैलियों की तस्वीरें दिखाई गई हैं. इनमें हजारों लोग सड़कों पर उतरे नजर आए. लोगों के हाथों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और इस्लामिक गणराज्य के संस्थापक अयातुल्ला खामेनेई की तस्वीरें थीं. कई जगह ईरान और फिलिस्तीन के झंडे भी लहराए गए. कुछ लोगों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारे लगाए. लेकिन इसी दौरान राजधानी तेहरान में कई इलाकों से लोगों के घरों के अंदर से ही तानाशाह मुर्दाबाद के नारे सुनाई देने की बात भी सामने आई. इससे साफ हो गया कि सरकार समर्थक भी हैं और बड़ी संख्या में नाराज लोग भी मौजूद हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

एक और एयरक्राफ्ट कैरियर भेजेगी सरकार 
इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने हालात को और गंभीर बना दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह मध्य पूर्व में एक और विमानवाहक पोत भेजने पर विचार कर रहे हैं. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वॉशिंगटन पहुंचे हैं और ईरान को लेकर सख्त नीति की मांग कर रहे हैं. उधर ईरान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अली लारिजानी कतर की यात्रा पर जा रहे हैं. इससे पहले वह ओमान भी गए थे. ओमान इस समय ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. कतर में अमेरिका का बड़ा सैन्य अड्डा भी मौजूद है.

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कहा है कि ईरान को अब भी अमेरिका पर पूरा भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि पिछली बार जब बातचीत चल रही थी तब ही अमेरिका ने ईरान पर हमला कर दिया था. यह अनुभव ईरान के लिए बेहद खराब रहा. उन्होंने यह भी कहा कि अब यह जिम्मेदारी अमेरिका पर है कि ऐसा दोबारा न हो. हालांकि अराघची ने यह भी संकेत दिए कि 2015 के परमाणु समझौते से बेहतर समझौता संभव है. यह वही समझौता था जिसे अमेरिका ने डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल में छोड़ दिया था. इस बीच अमेरिकी नौसेना के जहाज और लड़ाकू विमान पहले से ही क्षेत्र में तैनात किए जा चुके हैं.

अमेरिका की ओर से बताया गया है कि यूएसएस अब्राहम लिंकन विमानवाहक पोत पहले ही मध्य पूर्व में मौजूद है. अमेरिकी सेना ने यह भी कहा है कि उन्होंने एक ड्रोन को मार गिराया जो उनके जहाज के बहुत करीब आ गया था. वहीं होरमुज जलडमरूमध्य में एक अमेरिकी झंडे वाले जहाज की मदद भी की गई. ट्रंप ने कहा है कि जरूरत पड़ी तो एक और विमानवाहक पोत भेजा जा सकता है. इस पूरे घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय मामलों के विशेषज्ञ डॉ. हसन अल सादी का कहना है कि आने वाले दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन और विदेशी दबाव एक साथ किसी भी सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं.