अमेरिका की राजनीति में इन दिनों जबरदस्त हलचल है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ट्रेड पॉलिसी, खासकर कनाडा पर लगाए गए टैरिफ, अब उनके लिए ही मुश्किल बनती दिख रही है. अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्था Al Jazeera की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (US House of Representatives) ने एक ऐसा बिल पास कर दिया है, जिसका मकसद ट्रंप द्वारा इमरजेंसी पावर के तहत लगाए गए कनाडा टैरिफ को खत्म करना है.
वोटिंग में क्या हुआ?
बुधवार को हुए मतदान में 219 सांसदों ने बिल के समर्थन में वोट दिया, जबकि 211 ने विरोध किया. चौंकाने वाली बात यह रही कि कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने भी डेमोक्रेट्स का साथ दिया. रिपब्लिकन पार्टी के पास हाउस में बहुमत है, इसके बावजूद यह दरार साफ दिखाई दी. इसे ट्रंप की पकड़ कमजोर होने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
डेमोक्रेट्स का सीधा सवाल
न्यूयॉर्क से डेमोक्रेट सांसद ग्रेगरी मीक्स, जिन्होंने यह प्रस्ताव पेश किया, ने कहा: “आज का सवाल साफ है – क्या आप अमेरिकी परिवारों का खर्च कम करेंगे या सिर्फ एक व्यक्ति के प्रति वफादारी निभाएंगे?” डेमोक्रेट्स का कहना है कि टैरिफ की वजह से रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ी हैं और आम लोगों पर बोझ पड़ा है.
ट्रंप की चेतावनी बेअसर?
वोटिंग से पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपनी ही पार्टी के सांसदों को चेतावनी दी थी. उन्होंने साफ कहा था कि जो रिपब्लिकन टैरिफ के खिलाफ जाएगा, उसे चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसके बावजूद कुछ सांसदों ने खुलकर अलग रुख अपनाया. नेब्रास्का के रिपब्लिकन सांसद डॉन बेकन ने कहा कि कांग्रेस को अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखनी चाहिए.
जनता क्या सोचती है?
रिपोर्ट में बताया गया है कि Pew Research Center के एक सर्वे के अनुसार 60 प्रतिशत अमेरिकी ट्रंप के टैरिफ बढ़ाने के फैसले से असहमत हैं. केवल 37 प्रतिशत लोग इसके समर्थन में हैं. यानी महंगाई और व्यापार नीति अब चुनावी मुद्दा बन चुकी है. यह बिल अब अमेरिकी सीनेट में जाएगा. वहां पहले भी इसी तरह का प्रस्ताव पारित हो चुका है. हालांकि, अगर यह फिर से पास हो भी जाता है तो ट्रंप के पास इसे वीटो करने का अधिकार है. अगर राष्ट्रपति वीटो करते हैं, तो कांग्रेस को दो-तिहाई बहुमत चाहिए होगा, जो फिलहाल आसान नहीं दिखता.
