IND vs NAM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने दूसरी जीत नामीबिया के खिलाफ 93 रन से दर्ज की. इस मैच में बल्लेबाजी से ईशान किशन और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने धमाकेदार पारियां खेलीं. हार्दिक ने मैच के बाद अपनी फिटनेस का असली राज खोला जिससे पता चलता है हार्दिक हर दिन और भी घातक कैसे होते जा रहे हैं. उन्होंने नामीबिया के खिलाफ न सिर्फ बल्ले से अर्धशतक ठोका बल्कि बॉलिंग से दो विकेट भी अपने नाम किए. ईशान किशन ने भी ताबड़तोड़ फिफ्टी ठोकी और टीम इंडिया ने मुकाबले को 93 रन से जीता.
क्या बोले हार्दिक?
हार्दिक ने मैच के बाद कहा, ‘हां, बिल्कुल, बस खेल का मजा ले रहा था. तैयारी करने और, आप जानते हैं रिदम और, आप जानते हैं बॉडी को ठीक करने के लिए कुछ अच्छे महीने मिले. अब तक सब कुछ ठीक चल रहा है. हां, मुझे हमेशा एक ऑल-राउंडर के तौर पर अपनी बैटिंग पर गर्व रहा है. इसलिए जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं यह पक्का करता हूं कि दोनों स्किल्स को सही तरीके से मैनेज किया जाए. बैटिंग हमेशा मेरे दिल के करीब है. और जब वह मौका आता है तो यह और भी मजेदार हो जाता है जैसे केक पर चीनी मिला दी जाए.’
फिटनेस पर खोला राज
हार्दिक ने अपनी फिटनेस पर कहा, ‘बॉडी शानदार रही है. मैंने हमेशा कहा है कि इसमें बहुत मेहनत लगती है, जिसे मैं संभालकर रखता हूं. लेकिन, आप जानते हैं, देश के लिए खेलना हमेशा से गर्व की बात रही है, हमेशा मेरी नंबर वन प्रॉयरिटी रही है. बहुत सारा काम पर्दे के पीछे होता है, जहां मैं बाहर जाता हूं और आर्मी में चला जाता हूं. आर्मी एक तरह का कैंप होता है जहां मैं सुबह, शाम के सेशन करता हूं. सुनिश्चित करता हूं कि मैं अच्छा खाऊं, अच्छी नींद लूं, मेरी आदतें अच्छी हों.’
ये भी पढे़ं.. टीम इंडिया ने बदला 12 साल पुराना इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में भारत का नया रिकॉर्ड
अभिषेक के बिना उतरा भारत
टीम इंडिया अभिषेक शर्मा के बिना नामीबिया के खिलाफ खेलने उतरी. अभिषेक पर लगातार संशय बना हुआ है. सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अभिषेक एक दो मैच मिस कर सकते हैं. यूएसए के खिलाफ मुकाबले के बाद ही अभिषेक शर्मा की तबियत बिगड़ी जिसके चलते उन्हें हॉस्पिटल में भी एडमिट होना पड़ा. हालांकि, नामीबिया के खिलाफ वह टीम के साथ जुड़ गए थे.
