News in Brief

T20 World Cup 2026 Points Table: इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. इस बार 20 टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरी हैं. इनमें से कोई एक टीम ही खिताब पर कब्जा करेगी. ये कौन सी टीम होगी, इसका फैसला 8 मार्च को होने वाले फाइनल के रिजल्ट से तय होगा, लेकिन इससे पहले आपको ये जान लेना बेहद जरूरी है कि फाइनल की रेस के लिए कौन सी टीमें मजबूत दिख रही हैं, क्योंकि फाइनल तक वही टीमें पहुंचेंगी, जो पहले ग्रुप स्टेज की लकीर पार करेंगी, फिर सुपर 8 का इम्तिहान होगा, इसके बाद सेमीफाइनल की रेखा भी पार करनी होगी. तब कहीं जाकर फाइनल का टिकट मिलेगा. ऐसे में जानते हैं कि ग्रुप स्टेज में 18 मैचों के बाद कौन सी टीमों ने बढ़िया प्रदर्शन किया है.

टी20 विश्व कप 2026 में 12 फरवरी को टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में अपना दूसरा मैच खेला और जीता. नामीबिया के खिलाफ उसे 93 रनों से जीत मिली. इस जीत के साथ उसने पॉइंट टेबल में खलबली मचा दी. भारत ग्रुप ए में अब पाकिस्तान को पछाड़कर नंबर एक पर आ गया है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए. जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रनों पर ही सिमट गई.

ग्रुप ए में भारत का जलवा

ग्रुप ए में अब टीम इंडिया टॉप पर है. उसने दोनों मैच जीतकर कुल 4 अंक हासिल कर लिए हैं. पाकिस्तान के पास भी 4 अंक हैं, लेकिन भारत का नेट रन रेट +3.050 है, जो पाकिस्तान से बेहतर है. पाकिस्तान के पास 4 अंकों के साथ +0.932 का नेट रन रेट है. नंबर तीन पर मौजूद नीदरलैंड्स ने 2 मैचों में 1 जीत हासिल की है, उसके पास 2 अंक हैं. वहीं नंबर 4 और 5 पर अमेरिका और नामीबिया हैं, जिन्होंने अपने पहले दोनों मैच हारे हैं. ग्रुप स्टेज में हर टीम 4-4 मैच खेलेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

ग्रुप बी का हाल

ग्रुप बी में श्रीलंका टीम का जलवा दिखा है. इस टीम ने पहले दोनों मैच जीतकर 4 अंक हासिल करके नंबर 1 पर कब्जा किया है. दूसरे पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने एकमात्र मैच खेला और जीता भी. नंबर 3 पर जिम्बाब्वे है, जो पहला मैच हार चुकी है. चौथे पर आयरलैंड दोनों मैच हारी है, जबकि नंबर 5 पर ओमान है, उसका भी आयरलैंड जैसा हाल है.

ग्रुप सी का हाल

ग्रुप C में 2 बार की चैंपियन वेस्टइंडीज का जलवा दिख रहा है. इस टीम ने अब तक 2 मैचों में जीत दर्ज करके 4 अंक हासिल किए हैं. दूसरे पर स्कॉटलैंड है, जिसने 2 मैच खेलकर एक जीता और एक हारा. नंबर 3 पर इटली है, जिसने दो मैच खेलकर एक जीता और एक हारा है. इंग्लैंड नंबर 4 पर है, जिसने एकमात्र मैच खेला और जीता. नंबर 5 पर मौजूद नेपाल दोनों मैच हार चुकी है.

ग्रुप डी का हाल

ग्रुप D में न्यूजीलैंड टीम का जलवा है, जिसने पहले दोनों मैच जीतकर 4 अंक जुटाए और नंबर 1 पर काबिज है. दूसरे पर साउथ अफ्रीका है, जिसके पास 2 जीत के साथ 4 अंक हैं. लेकिन नेट रन रेट के चलते वह दूसरे स्थान पर है. इस ग्रुप में बाकी तीन टीमें अफगानिस्तान, UAE और कनाडा का खाता नहीं खुला.

ये भी पढ़ें: बाकी टीमें तो कोसों दूर हैं…Team India बनाने जा रही है वो वर्ल्ड रिकॉर्ड जो क्रिकेट इतिहास में ‘अमर’ हो जाएगा!