US is deploying second aircraft carrier to West Asia: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनातनी अब नए मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. ताजा घटनाक्रम में अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपना दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर भेज दिया है. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन माहौल में भरोसे से ज्यादा अविश्वास नजर आ रहा है.
दूसरा कैरियर पहुंचा पश्चिम एशिया
अमेरिकी अखबार The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने अपना अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट कैरियर USS Gerald R. Ford और उसके एस्कॉर्ट जहाजों को कैरेबियाई क्षेत्र से पश्चिम एशिया की ओर रवाना कर दिया है. यह पोत अब USS Abraham Lincoln स्ट्राइक ग्रुप के साथ पर्शियन गल्फ में तैनात रहेगा. रिपोर्ट में चार अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि यह तैनाती अप्रैल के आखिर या मई की शुरुआत तक जारी रह सकती है. यानी आने वाले महीनों में खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी काफी मजबूत रहने वाली है.
ट्रंप का सख्त रुख
Donald Trump ईरान पर लगातार दबाव बनाए हुए हैं. हाल ही में इजराइल के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने संकेत दिए कि अगर ईरान परमाणु समझौते पर आगे नहीं बढ़ा, तो सैन्य विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है. जून 21-22, 2025 को अमेरिका ने “Operation Midnight Hammer” के तहत ईरान के फोर्डो, नतांज और इस्फहान में परमाणु ठिकानों पर हमले किए थे. तेहरान ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन बताया था.
बातचीत जारी, लेकिन भरोसा कम
ईरान की ओर से भी बयानबाजी तेज है. हाल ही में ईरानी नेता अली लारिजानी ने अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में कहा कि ओमान में अमेरिका के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है. हालांकि उन्होंने साफ किया कि “जीरो एनरिचमेंट” यानी पूरी तरह यूरेनियम संवर्धन बंद करने की बात ईरान के लिए स्वीकार्य नहीं है. ईरान की सरकारी एजेंसी IRNA के मुताबिक लारिजानी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो ईरान भी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा.
पहले भी बदला था मिशन
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार USS Ford की तैनाती मूल रूप से यूरोप के लिए तय थी, लेकिन बाद में इसे कैरेबियन भेजा गया. वहां से अब इसे पश्चिम एशिया मोड़ दिया गया है. बताया जा रहा है कि जहाज के जवान मार्च की शुरुआत में घर लौटने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन मिशन बढ़ा दिया गया है.
क्या बढ़ेगा टकराव?
विशेषज्ञों का मानना है कि दो-दो एयरक्राफ्ट कैरियर की मौजूदगी साफ संकेत है कि अमेरिका दबाव की रणनीति पर काम कर रहा है. हालांकि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि एक छोटी सी चूक भी बड़े टकराव में बदल सकती है. फिलहाल दुनिया की नजर पर्शियन गल्फ पर टिकी है. क्या यह दबाव समझौते में बदलेगा या फिर नया सैन्य संकट जन्म लेगा?
