News in Brief

T20 WC 2026: जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 विश्व कप में गजब का मुकाबला हुआ. जिम्बाब्वे ने कंगारुओं को 23 रनों से जबरदस्त शिकस्त दी. इस जीत के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में ऐतिहासिक उलटफेर करने का कारनामा कर दिखाया. गौरतलब है कि आजतक टी20 विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे 2 बार आमने-सामने आई हैं और दोनों ही बार जिम्बाब्वे बाजी मारने में कामयाब रही है. जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 169 रन लगाए थे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी कंगारू टीम मात्र 146 रन ही बना सकी और ये मुकाबला बुरी तरह हार गई. उनकी तरफ से मैट रेंशॉ के अलावा कोई भी बल्लेबाज खास नहीं कर सका. रेंशॉ ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाते हुए मैच को जीताने का भरपूर प्रयास किया लेकिन, आखिर में बाजी जिम्बाब्वे मारने में कामयाब रही. इसी के साथ एक जुमला तेज हो गया है कि क्या जिम्बाब्वे को भारत के खिलाफ मिली जीत टीम इंडिया के लिए विश्व कप इशारा करती है. चलिए समझते हैं डिटेल में…

क्या कहता है इतिहास?

आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को आजतक आईसीसी टूर्नामेंट में 3 बार हराया है और तीनों बार भारत ने विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की है. दरअसल, हम बात कर रहे हैं टी20 और वनडे विश्व कप को मिलाकर ऐसा करने के बारे में. बता दें कि पहली बार जिम्बाब्वे ने कंगारूओं को साल 1983 वनडे विश्व कप में रौंदा था. उसी साल कपिल देव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में अपना पहला विश्व कप जीतकर पूरी दुनिया के सामने अपने नाम का डंका पीटा था. 

Add Zee News as a Preferred Source

साल 2007 में भी रौंदा

साल 2007 के टी20 विश्व कप के दौरान रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाली दिग्गज ऑस्ट्रेलिया टीम को केपटाउन में जिम्बाब्वे ने धोया.इसके बाद क्रिकेट के इतिहास में पहली बार आयोजित हुए टी20 विश्व कप में टीम इंडिया ने बाजी मारते हुए पहला खिताब जीतकर सभी के होश उड़ा दिए. महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टूर्नामेंट पूरी तरह से डॉमिनेट किया और फिर खिताब जीतकर इतिहास रचने का काम किया और अब जिम्बाब्वे ने एक बार फिर टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को हराया है, तो इतिहास और इस जुमले कि माने तो भारतीय टीम एक बार फिर सूर्यकुमार की अगुवाई में इतिहास रच सकती है. हालांकि, देखना वाकई में दिलचस्प होगा ऐसा हो पाता है या नहीं.

क्या हिस्ट्री होगी रिपीट?

जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया के इस कनेक्शन कि मानें तो भारत ये विश्व कप अपने नाम कर सकता है. पर आपको क्या लगता है ऐसा हो पाएगा? वैसे अगर भारतीय टीम की बात करें तो मौजूदा समय में क्रिकेट जगत में टीम इंडिया नंबर 1 टीम है. टीम इंडिया बेहद ही मजबूत मानी जा रही है और बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक सभी डिपार्टमेंट में भारतीय टीम कमाल कर रही है. डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया अगर खिताब जीतती है, तो ऐसा पहली बार होगा कि कोई डिफेंडिंग चैंपियन लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती हो. बहरहाल, टीम इंडिया खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: IPL 2026: ना जडेजा,  ना जायसवाल… ये खिलाड़ी बना राजस्थान रॉयल्स टीम का नया कप्तान, देखें 2007 से अभी तक पूरी लिस्ट