North korea new supream leader: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन अपनी बेटी किम जू ऐ को अपना उत्तराधिकारी बना सकते हैं. दक्षिण कोरिया के सांसदों ने खुफिया एजेंसी की जानकारी के आधार पर यह संकेत दिया है. बताया गया कि अब उन्हें संभावित उत्तराधिकारी नहीं, बल्कि आंतरिक रूप से चुना गया उत्तराधिकारी माना जा रहा है. इसका मतलब है कि देश के अंदर ही उन्हें अगला नेता बनाने की तैयारी चल रही है. खुफिया एजेंसी अब इस बात पर नजर रख रही है कि आने वाली पार्टी बैठक में उनकी भूमिका कैसी रहती है.
कौन हैं किम जू ऐ?
किम जू ऐ के बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक है. माना जाता है कि उनकी उम्र करीब 13 साल है. दुनिया को उनके बारे में पहली बार 2013 में पता चला था. उस समय अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी डेनिस रोडमैन उत्तर कोरिया गए थे. उन्होंने लौटकर बताया था कि उन्होंने किम जोंग उन की छोटी बेटी जू ऐ को गोद में लिया था. विशेषज्ञों का मानना है कि किम जोंग उन के तीन बच्चे हैं और जू ऐ बीच की संतान हैं. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि कभी नहीं हुई.
कब नजर आई थी पहली बार?
जू ऐ पहली बार 2022 में सार्वजनिक तौर पर नजर आई थीं. वह अपने पिता के साथ अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण के दौरान दिखाई दी थीं. इसके बाद से वह कई सरकारी कार्यक्रमों में किम जोंग उन के साथ दिखती रही हैं. जनवरी में भी वह एक बड़े रॉकेट लॉन्च सिस्टम के परीक्षण के दौरान मौजूद थीं. सितंबर में वह पहली बार विदेश यात्रा पर गईं. वह अपने पिता के साथ बख्तरबंद ट्रेन से बीजिंग पहुंची थीं, जहां उन्होंने सैन्य परेड में हिस्सा लिया.
किम जू ऐ को अक्सर ऐसे कपड़ों में देखा जाता है जो आम उत्तर कोरियाई लोगों की पहुंच से बाहर हैं. उनके लंबे बाल भी चर्चा में रहते हैं. बताया जाता है कि वहां आम लड़कियों को इतने लंबे बाल रखने की अनुमति नहीं होती. इससे यह संकेत मिलता है कि उन्हें खास दर्जा दिया जा रहा है. उनकी सार्वजनिक मौजूदगी भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है, ताकि लोग उन्हें पहचानने लगें.
पहले विशेषज्ञ मानते थे कि उत्तर कोरिया में किसी महिला का नेता बनना मुश्किल है. वहां समाज काफी पारंपरिक है और सत्ता हमेशा पुरुषों के हाथ में रही है. लेकिन किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग इस सोच को बदलती नजर आती हैं. वह सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की केंद्रीय समिति में अहम पद पर हैं. 1948 में देश की स्थापना के बाद से सत्ता हमेशा किम परिवार के पुरुषों के पास रही है. पहले किम इल सुंग, फिर किम जोंग इल और अब किम जोंग उन देश का नेतृत्व कर रहे हैं. अब पहली बार एक लड़की को उत्तराधिकारी बनाने की चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें: 4 फरवरी को लोकसभा में क्या हुआ था? किरन रिजिजू ने जारी किया वीडियो, क्या हमले की तैयारी थी!
