News in Brief

Pakistan Fans Reaction: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को हराने का सपना देख रहे पाकिस्तान को फिर 440 वोल्ट का झटका लगा. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उन्हें शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. उम्मीद थी कि एक हाई वोल्टेज मैच देखने को मिलेगा, लेकिन ईशान किशन और भारतीय गेंदबाजों के आगे सलमान अली आगा की टीम की एक ना चली. भारत के खिलाफ मिली हार के बाद दुनियाभर में पाकिस्तान की फजीहत हो रही है. हाल इतना बुरा है कि उनके अपने फैंस भी पाक टीम का सरेआम मजाक उड़ा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की तरह फैल रही है, जिसमें एक फैन पाकिस्तान की हार से इतना टूट चुका है कि उसने एक मिनट में पाक टीम को उसकी औकात दिखा दी. उसने तो यहां तक कह दिया कि लगता है अब हम चांद पर खेले तो ही भारत को हरा सकते हैं, लेकिन हम तो चांद पर भी नहीं जा सकते हैं.

हार के बाद पाकिस्तानी फैंस का छलका दर्द

Add Zee News as a Preferred Source

सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिसमें पाकिस्तानी फैंस काफी निराश हैं और अपनी टीम का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं. ऐसी ही एक फैन का वीडियो वायरल हो रहा है, भारतीय मीडिया से बातचीत करते हुए उसने कहा, ”हमने अपनी मर्जी की पिच पर खेलकर देख लिया, भारत को यहां बुलाकर भी खेल लिया… सबकुछ कर लिया. इस हालात में भी हम आपको हरा नहीं पाए. शायद अब हमें चांद पर जाकर आपके साथ खेलना होगा, मगर चांद पर भी आप जा सकते हो, हम तो जा भी नहीं सकते हैं.”

 

भारत-पाकिस्तान मैच का हाल

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए. ईशान किशन ने पाक गेंदबाजों पर काउंटर अटैक किया और धमाकेदार अंदाज में बैटिंग करते हुए 40 गेंदों पर 77 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन), शिवम दुबे (27 रन) और तिलक वर्मा (25 रन) ने अच्छा योगदान दिया. भारत ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए. इसके जवाब में पाकिस्तान ने शुरुआत में ही घुटने टेक दिए. उन्होंने महज 34 रन पर 4 प्रमुख विकेट खो दिए. बाबर आजम, सलमान अली आगा, सईम अयूब और साहिबजादा फरहान सस्ते में पवेलियन लौट गए. भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट चटकाए. पाकिस्तान की टीम 114 रनों पर ढेर हो गई और भारत ने 61 रनों से मुकाबला जीतकर सुपर-8 में धमाकेदार एंट्री ली.

ये भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान अभी जिंदा है! इस मैच से तय होगी किस्मत, समझें सुपर-8 में पहुंचने का समीकरण