Amber Luke News: क्या शौक की कोई सीमा होती है? दुनिया भर में तरह-तरह के शौकीन लोग मौजूद हैं, जो अपने जीवन में शोक को बेहद महत्व देते हैं. लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं जो अपने शौक के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. ऐसा ही एक किस्सा ऑस्ट्रेलिया से आ रहा है, जहां एक 30 साल की महिला के टैटू के शौक ने उसका जीवन बेहद कठिन बना दिया. एम्बर ल्यूक को “ऑस्ट्रेलिया की सबसे ज्यादा टैटू वाली महिला” के रूप में जाना जाता है. आपको बता दें, उनके शरीर का लगभग 98% हिस्सा टैटू से ढका हुआ है, जिसमें 600 से ज्यादा डिजाइन के टैटू बने हैं. लेकिन टैटू के इस शौक ने 3 हफ्तों तक उनकी आंखों की रोशनी छीन ली, करोड़ों का खर्च करवाया और जेल के चक्कर भी काटने पड़े. 

3 हफ्तों तक रहीं अंधी
अपनी स्किन में टैटू बनाने के साथ-साथ एम्बर ने कई बॉडी मॉडिफिकेशन भी करवाएं हैं. उन्होंने अपनी आंखों की पुतलियों में नीला रंग भरवाया है. आंखों में टैटू बनवाने को लेकर एम्बर कहती हैं कि उनका ये अनुभव बेहद दर्दनाक रहा, इस प्रोसेस में हुई एक छोटी से गलती ने उनकी आंखों की रोशनी 3 हफ्तों तर छीन ली थी. इसके अलावा उन्होंने अपनी जीभ को बीच से कटवाया भी है और माथे पर सींग भी बनवाया है. 

टैटू पर किए करोड़ों रुपये खर्च
एम्बर ने शरीर पर टैटू बनाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया. अब तक उन्होंने टैटू और सर्जरी के लिए करीब £177,000 (लगभग 1.9 करोड़ रुपये) खर्च कर दिए हैं. एम्बर बताती हैं कि उन्होंने महज 16 साल की उम्र में अपना पहला टैटू बनवाया था और तब से ये सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. खुद में कॉन्फिडेंस की कमी होने पर उन्होंने टैटू को अपनी दुनिया बनाने का फैसला लिया था और टैटू ने उन्हें खुद को स्वीकार करने में मदद भी की, लेकिन दुनिया उन्हें अक्सर अलग नजरों से देखती है. 

Add Zee News as a Preferred Source

मेंटल हेल्थ चैलेंज 
एम्बर की टैटू जर्नी के पीछे उनकी मेंटल हेल्थ चैलेंज है. एम्बर बताती है कि वे लंबे समय तक ‘बॉडी इमेज’ और मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्या जैसे स्किजोफ्रेनिया से जूझ रही थीं. ऐसे में टैटू उनके लिए किसी थेरेपी से कम नहीं रहा. इतना ही नहीं, 2021 में उन्हें ड्रग तस्करी के मामले में जेल होने वाली थी. लेकिन उनकी मानसिक स्थिति को देखने हुए उन्हें इलाज के लिए पैरोल दे दी गई.