करीब दो दशक के लंबे इंतजार के बाद बांग्लादेश में आज बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है. Bangladesh Nationalist Party (BNP) नई सरकार बनाने जा रही है. पार्टी ने 13वें जातीय संसद चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया और अब उसके चेयरमैन Tarique Rahman प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और चुनाव आयोग की जानकारी के अनुसार, यह शपथ ग्रहण समारोह राजधानी ढाका स्थित Jatiya Sangsad Bhaban के साउथ प्लाजा में आयोजित होगा. लेकिन जो सबसे बड़ी मजेदार बात हो रही है, वह है कि इस बार चुन गए नए सांसद एक नहीं, दो-दो बार शपथ लेंगे. छात्र आंदोलन से संसद तक… ‘जुलाई चार्टर’ की आग ने कैसे बदल दी बांग्लादेश की राजनीति? अब सांसद निभाएंगे दोहरी भूमिका. आइए समझते हैं सिलसिलेवार इसके पीछे की पूरी कहानी.
बांग्लादेश में आज जो राजनीतिक बदलाव दिख रहा है, उसकी शुरुआत अचानक नहीं हुई थी. इसके पीछे 2024 का वह बड़ा छात्र आंदोलन है, जिसने सत्ता, संविधान और पूरे राजनीतिक सिस्टम को हिला कर रख दिया. अब उसी आंदोलन से निकला “जुलाई नेशनल चार्टर” देश की नई राजनीति की दिशा तय कर रहा है.
क्या है ‘जुलाई नेशनल चार्टर’?
आंदोलन के दौरान ही राजनीतिक दलों, छात्रों और सिविल सोसायटी के बीच मिलकर “जुलाई नेशनल चार्टर” तैयार किया गया. इसमें संविधान में 48 बड़े सुधारों का प्रस्ताव रखा गया.
मुख्य सुझावों में शामिल थे:-
- प्रधानमंत्री की शक्तियों में कटौती
- संसद का ऊपरी सदन बनाने का प्रस्ताव
- न्यायपालिका को ज्यादा स्वतंत्र और मजबूत करना
- चुनाव प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना
- अंतरिम सरकार ने इन प्रस्तावों को औपचारिक रूप दिया.
चुनाव और रेफरेंडम से मिली जनता की मंजूरी
12 फरवरी 2026 को आम चुनाव के साथ जनमत संग्रह (रेफरेंडम) भी कराया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनता ने सुधारों के पक्ष में समर्थन दिया. इसके बाद “जुलाई नेशनल चार्टर (संविधान सुधार) इम्प्लीमेंटेशन ऑर्डर-2025” लागू किया गया. ढाका के प्रमुख अखबार The Daily Star ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि नए सांसदों को दोहरी जिम्मेदारी निभानी होगी. एक सांसद के रूप में और दूसरी संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में. इसलिए उन्हें दो अलग-अलग शपथ लेनी पड़ेगी.
सांसद अब निभाएंगे दोहरी भूमिका
नई संसद के सदस्य ढाका स्थित Jatiya Sangsad Bhaban में पहले सांसद के तौर पर शपथ लेंगे और फिर संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में दूसरी शपथ देंगे. इस परिषद को 180 दिनों के भीतर सुधार लागू करने का लक्ष्य दिया गया है. यानी सांसद अब सिर्फ कानून नहीं बनाएंगे, बल्कि संविधान बदलने की प्रक्रिया में भी सीधे शामिल होंगे.
दूसरी शपथ पर क्यों मचा विवाद?
हालांकि यह फैसला सर्वसम्मति से स्वीकार नहीं हुआ है. चुनाव में बहुमत पाने वाली Bangladesh Nationalist Party (BNP) के भीतर भी कई नेताओं ने सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि मौजूदा संविधान में “डबल ओथ” का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है. बांग्लादेशी अखबार Prothom Alo के मुताबिक, कुछ सांसद दूसरी शपथ लेने को लेकर असमंजस में हैं. शायद इस बार शपथ ग्रहण में दोहरी शपथ पर बवाल मच जाए.
क्यों माना जा रहा ऐतिहासिक कदम?
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर जुलाई चार्टर के सुधार लागू हो गए तो:
- सत्ता का संतुलन बदलेगा
- संस्थाएं ज्यादा स्वतंत्र होंगी
- राजनीतिक टकराव कम हो सकता है
यही वजह है कि बांग्लादेश में इस बार शपथ ग्रहण सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई राजनीतिक व्यवस्था की शुरुआत माना जा रहा है.
अंतरिम सरकार का अंत, नई शुरुआत
उधर तारिक रहमान, अंतरिम सरकार के प्रमुख Muhammad Yunus की जगह लेंगे. अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद Awami League सरकार के पतन के बाद यूनुस ने अंतरिम शासन संभाला था. अब चुनावी जनादेश के बाद देश फिर से निर्वाचित सरकार के हाथों में जा रहा है, जिसे राजनीतिक स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
चुनाव में कैसे मिली ऐतिहासिक जीत?
12 फरवरी को हुए चुनाव में BNP ने 297 घोषित सीटों में से 209 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया. वहीं, पूर्व सहयोगी पार्टी Bangladesh Jamaat-e-Islami ने 68 सीटें जीतकर संसद में मुख्य विपक्ष की भूमिका हासिल की है. विशेषज्ञों का मानना है कि जनता ने बदलाव और राजनीतिक सुधार के वादे पर भरोसा जताया है.
अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में कई विदेशी मेहमान शामिल होंगे. भारत की लोकसभा के स्पीकर Om Birla समेत दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन South Asian Association for Regional Cooperation (SAARC) देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है. राष्ट्रपति Mohammed Shahabuddin प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे.
BNP की विरासत और आगे की चुनौती
BNP की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति Ziaur Rahman ने की थी. पार्टी की सत्ता में वापसी को बांग्लादेश की राजनीति का नया अध्याय माना जा रहा है. हालांकि आर्थिक चुनौतियां, राजनीतिक ध्रुवीकरण और सुधारों को लागू करना नई सरकार की सबसे बड़ी परीक्षा होगी.
