News in Brief

Who is Canada Cricketer Yuvraj Samra: भारतीय क्रिकेट टीम के महान ऑलराउंडर रहे युवराज सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं. उन्होंने अपने करियर में कई रिकॉर्ड बनाए और तोड़े. टी20 विश्व कप के इतिहास में उनके नाम 12 गेंदों पर सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड दर्ज है. पिछले 19 सालों से एक ओवर में 6 छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड युवराज के नाम दर्ज है, लेकिन टी20 विश्व कप के इतिहास में एक कमाल ऐसा था जो युवराज सिंह कभी नहीं कर पाए और वो नए युवराज ने कर दिखाया. नए युवराज कनाडा के लिए टी20 विश्व कप खेलने उतरे और इतिहास रच दिया.

यहां जिस नए युवराज की बात हो रही है, उनका पूरा नाम युवराज सामरा है. वह पहली बार टी20 विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेलने उतरे हैं. टी20 विश्व कप 2026 के 31वें मुकाबले में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी शतक ठोककर 19 साल का इतिहास बदलकर रख दिया है. युवराज अब टी20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन चुके हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 बॉल पर 11 चौके और 6 छक्के लगाकर 110 रन बनाए. इस पारी की 58वीं बॉल पर उन्होंने शतक पूरा किया और यह साबित कर दिया कि सिर्फ नाम ही नहीं, बल्कि काम भी उन्होंने युवराज की तरह किया है. 

युवराज सिंह ने टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी शतक नहीं लगाया, लेकिन नए युवराज ने यह कमाल सिर्फ 19 साल की उम्र में कर दिखाया. खास बात यह है कि 110 रनों की पारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में किसी बल्लेबाज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

Add Zee News as a Preferred Source

आखिर कौन हैं युवराज सामरा?

जैसे ही युवराज सामरा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ रनों की बारिश की, सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हो गईं. हर कोई इस खिलाड़ी के बारे में जानना चाहता है. युवराज की तरह ही बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का भारत से खास कनेक्शन है. भले ही युवराज का जन्म कनाडा में हुआ और वह वहीं की टीम से खेलते हैं, लेकिन उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हैं और दिल हिंदुस्तानी है.

युवराज सामरा का भारत से कनेक्शन?

युवराज सामरा का भारत से खास कनेक्शन है. उनके पिता का नाम बलजीत सामरा है, जो सालों पहले पंजाब से कनाडा जाकर बस गए थे. ओंटारियो प्रांत के शहर ब्रैम्पटन में उनके बेटे युवराज सामरा का जन्म हुआ. यह वही शहर है, जहां भारतीय मूल के काफी निवासी रहते हैं. पिता बलजीत ने अपने बेटे युवराज को बेहद कम उम्र में ही क्रिकेट ट्रेनिंग दिलवानी शुरू कर दी थी. वह खुद बेटे को लेकर क्रिकेट मैच खिलाने ले जाते थे.

पिता चाहते थे बेटा क्रिकेटर बने

युवराज के पिता उन्हें बचपन से ही क्रिकेट के मैदान पर जाते थे और उनका दिल भी इस खेल से जुड़ गया. युवराज सामरा ने टोरंटो डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (TDCA) और ब्रैम्पटन एंड एटोबिकोक डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग (BEDCL) में खेला. फिर फरवरी 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ लिस्ट-ए मैच में कनाडा के लिए डेब्यू किया. एक महीने बाद ही उन्हें नीदरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कनाडा के लिए चुना गया. इसके बाद से ही वह कनाडा टीम का अहम हिस्सा हैं.

युवराज सिंह से क्या कनेक्शन है?

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह से भी इस खिलाड़ी का खास कनेक्शन है. युवराज सामरा के पिता सिक्सर किंग कहलाने वाले युवी के बड़े फैन हैं. उन्होंने अपने बेटे का नाम युवराज के नाम पर ही रखा और उसे क्रिकेटर बनाया. एक इंटरव्यू में युवराज सामरा ने खुलासा किया था कि, “मेरे पिता हमेशा चाहते हैं कि मैं उनकी (युवराज सिंह) तरह खेलूं, लेकिन मैं उनकी कॉपी नहीं, बल्कि खुद का एक बेहतर वर्जन बनना चाहता हूं.” सामरा ने यह भी बताया था कि, “मेरे पिताजी चाहते हैं कि मैं मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में खेलूं. आईपीएल में कौन नहीं खेलना चाहता? मैं भी यही चाहता हूं.”

युवराज सिंह से 2 बार मिल चुके हैं सामरा

सामरा युवी को अपना आदर्श मानते हैं और वह उनसे मिल भी चुके हैं. पहली बार मुलाकात साल 2019 में हुई थी, जब युवराज सिंह टोरंटो नेशनल्स के लिए खेल रहे थे और दूसरी बार 2025 में मिले, जब दोनों सुपर 60 टूर्नामेंट में खेले थे.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup Super 8 Scenario: ऑस्ट्रेलिया-जिम्बाब्वे छोड़िए…सुपर 8 में आयरलैंड मार सकती एंट्री, ये समीकरण उड़ा रहा सबके होश