बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बुधवार सुबह लोगों की नींद पूरी तरह खुल भी नहीं पाई थी कि मीरपुर इलाके में एक अलग ही तस्वीर सामने आ गई. शफीकुर रहमान जो बांग्लादेश के जमात-ए-इस्लामी के अमीर और संसद में विपक्ष के नेता हैं, जिनका राजनीतिक इतिहास विवादों और हिंसा से भरा रहा है, फजर की नमाज़ के बाद मीरपुर की गलियों में झाड़ू लेकर सफाई करते नजर आए. कभी खून-खराबे की बातें करने वाला नेता आज जनता के बीच जाकर नया संदेश दे रहे थे. झाड़ू लेकर गलियों की सफाई करने वाली तस्वीरें खूब वायरल हैं. जिस नेता को लोग अब तक सिर्फ राजनीतिक मंचों और तीखे बयानों में देखते आए थे, उसे सड़क पर कचरा साफ करते देख हर कोई हैरान रह गया. जानें पूरी बात.

नेता झाड़ू लगाते रहे, कार्यकर्ता उठाते रहे कचरा
मीरपुर के मणिपुर इलाके में शुरू हुए इस अभियान में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए. कोई पॉलीथिन बैग में कचरा भर रहा था तो कोई सड़क किनारे जमा गंदगी साफ कर रहा था. करीब 15–20 मिनट तक शफीकुर रहमान खुद झाड़ू लगाते रहे. उनके साथ ढाका मेट्रोपॉलिटन नॉर्थ के नेता मोहम्मद सलीम उद्दीन भी दिखाई दिए. इस पूरे अभियान की तस्वीरें और वीडियो पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर साझा किए गए, जिसके बाद यह खबर तेजी से वायरल हो गई.

“अगर आंगन साफ होगा तो देश भी साफ होगा”
मीडिया से बातचीत में शफीकुर रहमान ने कहा, “हम सिर्फ सड़क की गंदगी नहीं, देश की हर तरह की गंदगी खत्म करना चाहते हैं. अगर हर इंसान अपना घर और आंगन साफ रखे, तो पूरा देश साफ बन सकता है.” उन्होंने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं है. जब भी वह ढाका में रहेंगे, इस तरह की गतिविधियां जारी रहेंगी और राजधानी से बाहर भी ऐसे कार्यक्रम किए जाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

सफाई के बीच राजनीति पर भी बोले
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने जुलाई के राजनीतिक घटनाक्रम का भी जिक्र किया. उनका कहना था कि BNP रिफॉर्म काउंसिल की शपथ से दूर रहना अपमान होता. उन्होंने दावा किया कि उसी राजनीतिक बदलाव ने उन्हें विपक्ष का नेता बनने और तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने का रास्ता बनाया.

इमेज बदलने की कोशिश या नया संदेश?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नेताओं का इस तरह जनता के बीच उतरना सिर्फ सामाजिक संदेश नहीं, बल्कि राजनीतिक रणनीति भी हो सकती है. कभी सख्त और विवादित राजनीति से जुड़ी छवि रखने वाले नेताओं का यह बदला हुआ चेहरा लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है. क्या यह नई राजनीति की शुरुआत है?

शफीकुर रहमान बांग्लादेश में रहे हैं विवादित
शफीकुर रहमान का राजनीतिक और सामाजिक इतिहास काफी विवादित रहा है. उन्हें बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी के नेता के रूप में जाना जाता है, और इस पार्टी पर कई बार आरोप लग चुके हैं कि उन्होंने 1971 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कुछ विवादित और हिंसक गतिविधियों में हिस्सा लिया है. हालांकि, राजनीतिक रूप से वे आज संसद में विपक्ष के नेता भी हैं, और उनकी छवि कुछ हद तक बदलने की कोशिश कर रही है, जैसे कि हाल ही में मीरपुर में सफाई अभियान में झाड़ू उठाकर भाग लेना उसी का हिस्सा माना जा रहा है.