
Umpire death due to bee attack: क्रिकेट के मैदान पर ऐसी कई दर्दनाक घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें चोट लगने के चलते खिलाड़ियों की जान चली गई, लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. उत्तर प्रदेश के उन्नाव में जब एक क्रिकेट मैच चल रहा था, तभी मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया और अंपायर की मौत हो गई. मधुमक्खियों ने क्रिकेट मैदान पर जो भी दिखा चाहे वो अंपायर हों, खिलाड़ी या फिर दर्शक, किसी को भी नहीं बख्शा. इस दर्दनाक हादसे में 52 साल के अंपायर मानिक गुप्ता की मौत हो गई.
दरअसल, उन्नाव के सप्रू मैदान पर 18 फरवरी यानी बुधवार को YMCC और पैरामाउंट टीमों के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था. इस मैच की दूसरी पारी में ड्रिंक ब्रेक के दौरान मधुमक्खियों ने अचानक अटैक किया. बचने की कोशिश में खिलाड़ी और अंपायर मैदान पर ही लेट गए, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड वहां मंडराता रहा और डंक मारता रहा. इस दौरान चपेट में आए कई खिलाड़ी बुरी तरह घायल हो गए.
30 साल से अंपायरिंग कर रहे थे मानिक गुप्ता
52 साल के मानिक गुप्ता कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े थे. वो पिछले 30 साल से अंपायरिंग कर रहे थे. यह मुकाबला शुक्लागंज के राहुल सप्रू स्टेडियम में एचए एकेडमी और एसबीएस एकेडमी के बीच खेला जा रहा था, जो जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में आता है.
अंपायर के शरीर पर 50 से ज्यादा डंक
घटना के तुरंत बाद अंपायर मानिक गुप्ता को शुक्लागंज के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, क्योंकि वो रास्ते में ही दम तोड़ चुके थे. मानिक गुप्ता फीलखाना के रहने वाले थे, जो पिछले 30 साल से केसीए के अंपायरिंग पैनल का हिस्सा थे. बताया गया है कि जब अंपायर मानिक गुप्ता और दूसरे अंपायर जगदीश शर्मा सफेद कपड़ों में थे, इसलिए मधुमक्खियों का झुंड उनके इर्द-गिर्द करीब 10 मिनट तक मंडराता रहा. अंपायर के शरीर पर 50 से ज्यादा डंक मारे गए.
खिलाड़ी और दूसरे अंपायर खतरे से बाहर
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस हमले में शुक्लागंज के अंपायर सुनील निषाद भी घायल हुए हैं, जबकि कई खिलाड़ी जख्मी हुए थे, जो अब खतरे से बाहर हैं. बताया गया है कि क्रिकेट मैदान परिसर में पहले से मधुमक्खियों का छत्ता था, जिसे हटाने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: जीत के नशे में चूर टीम इंडिया बार-बार रही ‘बड़ी गलती’…सुपर-8 में दोहराई तो टूट सकता है खिताब का सपना

