
T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया हर मैच में उतर तो 11 खिलाड़ियों के साथ रही है, लेकिन मैदान पर सिर्फ 10 खिलाड़ी ही अपना काम कर रहे हैं. एक खिलाड़ी हर मैच में आता है और सबको निराश करके चला जाता है. ये कोई और नहीं बल्कि वही धुरंधर है, जिसे वर्ल्ड कप के आगाज से पहले तक टीम इंडिया का सबसे बड़ा मैच विनर माना जा रहा था. विरोधी टीमों में कहीं ना कहीं उनके नाम का खौफ था और वो विरोधी टीमों के गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ा खतरा माना जा रहा था, लेकिन अब कहानी बदल चुकी है. पहले चार में तीन मैचों में उसे मौका मिला और उसने हर बार निराश किया.
सुपर 8 की लड़ाई से पहले कहीं ना कहीं इस खिलाड़ी ने कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ा दी है. यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है वो कोई और नहीं बल्कि पिछली तीन पारियों में लगातार 0 पर आउट होने वाले अभिषेक शर्मा हैं. टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम चार मैच खेल चुकी है, जिनमें से तीन में उन्हें ओपनिंग का मौका मिला, लेकिन अब तक उनका खाता भी नहीं खुला है.
8 पारियों में बनाए सिर्फ 182 रन
आपको जानकर हैरानी होगी कि अभिषेक शर्मा पिछली 8 पारियों में 5 दफा खाता नहीं खोल पाए हैं. टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जिसके दो मैचों में अभिषेक डक हुए थे. आखिरी 8 पारियों में वो सिर्फ 182 रन ही बना पाए हैं, उनकी पारियां कुछ 84, 0, 68*, 0, 30, 0, 0, 0 इस तरह रही हैं.
अभिषेक शर्मा की पिछली 8 टी20I पारियां
18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ 0 रन
15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ 0 रन
07 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ 0 रन
31 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 रन
28 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 0 रन
25 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 68* रन
23 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 0 रन
21 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 84 रन
आईसीसी की टी20 रैंकिंग में अभिषेक नंबर एक बल्लेबाज हैं. जैसे ही वो नीदरलैंड के खिलाफ जीरो पर आउट हुए तो इस विश्व कप में उन्होंने डक की हैट्रिक पूरी की. 2026 में उनका यह 5वां डक रहा. इससे पहले संजू सैमसन भी एक साल में 5 बार डक हुए थे, उनके साथ ऐसा साल 2024 में हुआ था. अभिषेक टी20 में एक साल में सबसे ज्यादा दफा शून्य पर आउट होने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं. नंबर एक पर सैम अयूब हैं, जो 2025 में 6 बार जीरो पर पवेलियन लौटे थे.
टी20I में एक साल में भारत के लिए सर्वाधिक डक
5- संजू सैमसन (2024)
5- अभिषेक शर्मा (2026)
3- यूसुफ पठान (2009)
3- रोहित शर्मा (2018)
3- रोहित शर्मा (2022)
3- विराट कोहली (2024)
3- सूर्यकुमार यादव (2025)
टी20I में एक साल में सर्वाधिक शून्य पर आउट होने वाले ओपनिंग बल्लेबाज
6- सईम अयूब (पाकिस्तान, 2025)
5- चालोएमवोंग चटफैसन (थाईलैंड, 2024)
5- कुशल भुरटेल (नेपाल, 2024)
5- धर्म केसुमा (इंडोनेशिया, 2025)
5- परवेज हुसैन इमोन (बांग्लादेश, 2025)
5- अभिषेक शर्मा (भारत, 2026)
आंकड़े देते हैं मैच विनर की गवाही
ये वही अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 2024 से अब तक भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाए और सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम किया, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 में उनका बल्ला खामोश हो चुका है. टीम इंडिया के लिए ये बल्लेबाज अब तक 40 टी20 मैचों में 39 पारियां खेलते हुए 1297 रन बना चुका है. उनका हाईएस्ट स्कोर 135 रन रहा है, जो उनकी मैच जिताने वाली क्षमता को दर्शाता है. अभिषेक ने इस फॉर्मेट में 35.05 की औसत और 193.29 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. वो अब तक 671 गेंदों का सामना करते हुए 123 चौके और 88 छक्के लगा चुके हैं. अपने करियर में उनके नाम 2 शतक और 8 फिफ्टी हैं.
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव ने 1 फैसले से बदल डाला इतिहास, टूट गया 16 साल पुराना रिकॉर्ड, Team India ने पहली बार किया ऐसा

