
Australia vs Oman: आईसीसी टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है. एक समय था जब कंगारू दुनियाभर के देशों को डराते थे. अब आलम ये है कि 20वें रैंक की टीम ऑस्ट्रेलिया को धमका रही है. जी हां, आखिरी ग्रुप मैच से पहले ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलियाई टीम संघर्ष कर रही है और उन्हें कुचलने का इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी ग्रुप मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना ओमान से होगा. सुपर-8 की लिहाज से देखें तो इस मुकाबले का कोई महत्व नहीं है, क्योंकि दोनों टीमें सुपर-8 की रेस से बाहर हो चुकी है. हालांकि, ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने जो हुंकार भरी है, उससे मैच का माहौल गरमा गया है.
ओमान के कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया को धमकाया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 से पहले ही ऑस्ट्रेलिया का पैकअप हो चुका है. मिचेल मार्श की अगुवाई वाली टीम ने अभी तक 3 मुकाबले खेले हैं और दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है. पहले जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया और फिर श्रीलंका ने मात दी. घर जाने से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम इज्जत बचाने ओमान के खिलाफ उतरेगी. हालांकि, पल्लेकेले में होने वाले मैच से पहले ओमान ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी है. दिलचस्प बात ये है कि ओमान ने खुद अभी तक जीत का खाता नहीं खोला है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”बिल्कुल, यह एक अवसर है और हमारे लड़के इसके लिए उत्सुक हैं. टी20 मैच मोमेंटम और क्षणों का खेल है. अगर आप उन क्षणों को सही तरीके से खेलते हैं, तो मुझे लगता है कि आप उस दिन कुछ भी कर सकते हैं. जैसा कि आपने सही कहा कि ऑस्ट्रेलिया इस समय अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है, उन्हें रौंदने का ये सबसे सही समय है.”
ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने आगे कहा कि दरअसल, वे भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. लड़के काफी सकारात्मक हैं क्योंकि हमने बेहतर क्रिकेट खेलने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं. लेकिन मुझे विश्वास है कि लड़के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले मैच के लिए उत्सुक हैं और उसमें अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: सुपर-8 का सफर नहीं आसान… कितने मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी टीम इंडिया? समझें समीकरण

