News in Brief

T20 World Cup 2026: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मुकाबला रविवार यानी 22 फरवरी को शाम 7:00 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत के घातक ‘चाइनामैन’ स्पिनर कुलदीप यादव को अगर इस मैच में मौका मिलता है, तो वह इतिहास रच सकते हैं. कुलदीप यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं.

T20I में प्रचंड रिकॉर्ड बना देंगे कुलदीप यादव

कुलदीप यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अनोखा शतक लगाएंगे. दरअसल, कुलदीप यादव अगर 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 5 विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विकेटों का शतक लगा देंगे. कुलदीप यादव ने फिलहाल भारत के लिए 54 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 95 विकेट हासिल किए हैं. कुलदीप यादव फिलहाल भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I विकेट लेने के मामले में पांचवें नंबर पर आते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

अर्शदीप, बुमराह और पांड्या के क्लब में शामिल होने का मौका

कुलदीप यादव के पास अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के खास क्लब में शामिल होने का मौका है. कुलदीप यादव 5 विकेट और लेते ही भारत के लिए 100 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने वाले चौथे गेंदबाज बन जाएंगे. फिलहाल भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने ही 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कमाल किया है. अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए 79 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 121 विकेट हासिल किए हैं.

इतिहास रच सकते हैं कुलदीप यादव

दूसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह का नाम आता है. जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए 90 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं. तीसरे नंबर पर काबिज हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए 133 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 110 विकेट चटकाए हैं. चौथे नंबर पर युजवेंद्र चहल का नाम आता है. युजवेंद्र चहल ने 80 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 96 विकेट हासिल किए थे. पांचवें नंबर पर काबिज कुलदीप यादव ने भारत के लिए अभी तक 54 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 95 विकेट चटकाए हैं.

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज

1. अर्शदीप सिंह – 121 विकेट

2. जसप्रीत बुमराह – 111 विकेट

3. हार्दिक पांड्या – 110 विकेट

4. युजवेंद्र चहल – 96 विकेट

5. कुलदीप यादव – 95 विकेट