
सुप्रीम कोर्ट द्वारा पुराने टैरिफ को रद्द करने के बाद ट्रंप ने तुरंत नया रास्ता अपनाया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने व्यापार को बचाने के लिए नए कानून के तहत टैक्स लगाएगा और आगे जरूरत पड़ी तो इससे भी ज्यादा बढ़ा सकता है.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बड़ा फैसला
अमेरिका के United States Supreme Court ने ट्रंप द्वारा पहले लगाए गए टैरिफ को गलत ठहराया था. कोर्ट ने कहा कि बिना संसद की मंजूरी के इस तरह टैक्स नहीं लगाया जा सकता है. इस फैसले से ट्रंप नाराज दिखे और उन्होंने इसे निराशाजनक बताया है.
10% ग्लोबल टैरिफ लागू
ट्रंप ने ऐलान किया कि अब वह Section 122 के तहत पूरी दुनिया पर 10% का नया टैरिफ लगाएंगे. यह पहले से लगे सामान्य टैक्स के ऊपर होगा. उन्होंने कहा कि यह टैरिफ लगभग 5 महीने तक लागू रहेगा. बता दें, ट्रंप ने साफ कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है. इन 5 महीनों में अमेरिका अलग-अलग देशों पर जांच करेगा और उसके आधार पर और ज्यादा टैरिफ लगा सकता है. उन्होंने कहा कि कुछ देशों पर सख्त टैक्स लगाया जाएगा, जबकि कुछ के लिए यह कम भी रह सकता है.
इससे ज्यादा भी टैक्स
ट्रंप ने कहा कि उनके पास कई अधिकार हैं और वह चाहें तो इससे ज्यादा भी टैक्स लगा सकते हैं. उन्होंने कोर्ट के फैसले पर तंज कसते हुए कहा कि वह बहुत कुछ कर सकते हैं, लेकिन कुछ सीमाएं लगा दी गई हैं जो उन्हें ठीक नहीं लगतीं हैं.
नए विकल्पों पर काम शुरू
ट्रंप ने बताया कि उनकी सरकार Section 301 के तहत नई जांच शुरू कर रही है. इसका मकसद यह देखना है कि कौन से देश अमेरिका के साथ गलत व्यापार कर रहे हैं. इसके बाद उन पर नए और मजबूत टैरिफ लगाए जा सकते हैं.
व्यापार की रणनीति
अमेरिका का कहना है कि इन नए कदमों से देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सरकार को अच्छा राजस्व मिलेगा. अधिकारियों का मानना है कि नए टैरिफ से 2026 में होने वाली कमाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा.
पुराने टैरिफ का पैसा लौटेगा या नहीं?
कोर्ट के फैसले के बाद यह सवाल उठ रहा है कि जो लगभग 175 अरब डॉलर टैरिफ के रूप में पहले वसूले गए क्या उन्हें वापस करना पड़ेगा? इस पर ट्रंप ने कहा कि यह मामला अभी कोर्ट में जाएगा और इसका फैसला आने में सालों लग सकते हैं.
लंबे समय तक चल सकता है विवाद
अमेरिकी ट्रेजरी के अधिकारियों का कहना है कि टैरिफ से जुड़ा यह विवाद जल्दी खत्म नहीं होगा. यह हफ्तों, महीनों या कई साल तक चल सकता है.
बता दें, नए नियमों और जांच के जरिए अमेरिका अपनी ट्रेड पॉलिसी को और सख्त बनाने की तैयारी में है. ट्रंप के बयान से साफ है कि आने वाले समय में टैरिफ और भी बढ़ सकते हैं, जिससे वैश्विक व्यापार पर असर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: ‘अमेरिका को कुछ लोग बर्बाद कर रहे…’, टैरिफ पर US सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद फूटा ट्रंप का गुस्सा; अब क्या होगा ‘प्लान-B’

