Italy man fined training dog to dump illegal waste: अपराध करने के लिए इंसान अक्सर नए-नए तरीके खोजता है, लेकिन इटली के सिसिली में एक शख्स ने चालाकी की सारी हदें पार कर दी हैं. कातानिया पुलिस तब हैरान रह गई जब सीसीटीवी फुटेज में एक छोटा कुत्ता मुंह में कचरे की थैली दबाकर सुनसान सड़क पर उसे अवैध रूप से फेंकते हुए दिखा. पुलिस की जांच में सामने आया कि यह कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि मालिक द्वारा दी गई एक सोची-समझी ट्रेनिंग थी ताकि वह खुद कैमरों की नजर में न आए. सिसिली की वाया पुलकारा सड़क पर हुई इस घटना ने न केवल प्रशासन को सतर्क कर दिया है, बल्कि जानवरों के ऐसे इस्तेमाल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये घटना तब सामने आई जब इटली के सिसली शहर में कातानिया नगर पुलिस ने शहर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर सीसीटीवी फुटेज साझा किया था. वीडियो में एक छोटा कुत्ता देखा गया, जिसके मुंह में कचरे की थैली थी और वह सैन जॉर्जियो इलाके की वाया पुलकारा सड़क पर चलकर कचरा अवैध जगह पर फेंक रहा था.
ट्रेनिंग वाला कुत्ता
नगर पालिका पुलिस के पर्यावरण विभाग ने कहा कि निगरानी कैमरों ने दो साफ वीडियो रिकॉर्ड किए, जिसमें कुत्ता सड़क पर कचरा छोड़ता दिखाई दिया था. पुलिस ने माना कि यह जानबूझकर किया गया था, जिससे मालिक कैमरे में पकड़ न आए. इस व्यवहार से यह साबित होता है कि कुत्ते को विशेष रूप से ट्रेनिंग दिया गया था. नगर पालिका ने कहा कि यह चालाकी भले ही लग रही थी, लेकिन पूरी तरह गलत थी क्योंकि शहर गंदा हुआ और कुत्ते का इस्तेमाल अनजाने में किया गया.
कातानिया में अवैध कचरा फेंकना आम समस्या बन चुका है. घर-घर कचरा संग्रह प्रणाली लागू होने के बाद, कई लोग कचरा अलग-अलग दिन पर जमा करना झंझट समझते हैं. इसके कारण लोग रात में सड़क किनारे कचरा फेंक देते हैं. प्रशासन ने इसे रोकने के लिए निगरानी कैमरे लगाए और फेंके गए कचरे से अपराधियों का पता लगाया. हालिया अभियान में पुलिस ने 39 लोगों को पहचानकर जुर्माना लगाया है.
1,500 यूरो से 18,000 यूरो जुर्माना
इतालवी कानून के मुताबिक, किसी भी तरह के अवैध कचरा फेंकने पर जुर्माना 1,500 यूरो से 18,000 यूरो तक हो सकता है. गंभीर मामलों में आपराधिक जिम्मेदारी भी बन सकती है. कानून का उद्देश्य शहर को साफ रखना और नागरिकों में जिम्मेदारी बढ़ाना है.
इस मामले ने यह दिखाया कि लोग नियम तोड़ने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. छोटे जानवरों का इस्तेमाल करके खुद को बचाने की कोशिश करना केवल अवैध नहीं बल्कि अनैतिक भी है. प्रशासन ने कहा कि ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी और जो भी नियम तोड़ेगा, उसे सख्त दंड दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: ब्रह्मांड में मौत का साया! धरती की तरफ बढ़ रहे हैं 15,000 ‘सिटी किलर’ एस्टेरॉयड; एक टक्कर और पूरा शहर हो जाएगा स्वाहा
