
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज (22 फरवरी) को महा भिड़ंत है. दोनों ही टीमों के लिए आज का मुकाबला बेहद अहम होने वाला है. आज का मैच जीतने वाली टीम को 2 प्वाइंट्स मिलेंगे, जो कि सेमीफाइनल की तरफ एक महत्वपूर्ण कदम होगा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले को जीतने के लिए दोनों टीमें जान झोंक देंगी. लेकिन बता दें कि आज भारत के विस्फोटक बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा के पास एक जबरदस्त रिकॉर्ड बनाने का मौका है. दरअसल, तिलक वर्मा भारत के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. इस मामले तिलक ने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के पहले ही पीछे छोड़ दिया है. तिलक वर्मा के पास आज बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ने का भी जबरदस्त मौका है. हालांकि, देखना दिलचस्प होगा कि आज उनका प्रदर्शन कैसा रहता है.
तिलक का प्रोटियाज के खिलाफ रिकॉर्ड
तिलक वर्मा अपने तेज-तर्रार अंदाज में खेलने के लिए जाने जाते हैं. अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर तिलक ने काफी कम समय में खूब नाम कमा लिया है. उन्होंने बीते 2.5 सालों में टीम इंडिया के लिए जमकर रन बनाए हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह नंबर 1 भारतीय खिलाड़ी हैं. अभी तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ तिलक वर्मा ने 10 मैचों की 10 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 163.79 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट और 70.89 के बेहतरीन औसत से बल्लेबाजी करते हुए 496 रन बनाने का कारनामा किया है. इसमे 2 शतक शामिल है. वहीं, उनके करियर का सर्वोच्च स्कोर 120 रनों का रहा है, जो कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही आया है.
रोहित-विराट भी पीछे
भारत के पूर्व टी20 कप्तान रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने टी20 करियर में 18 मैचों की 17 पारियों में 130.89 के स्ट्राइक रेट से ओवरऑल 430 रन बनाए हैं. इसमें उनका बेस्ट स्कोर 106 रनों का रहा है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1 शतक और 2 फिफ्टी लगाई है. वहीं, अगर विराट कोहली की बात करें तो किंग कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 14 मैचों की 13 पारियों में 140.22 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 394 रन बनाए हैं. इसमें उनका बेस्ट स्कोर 76 रनों का रहा है.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
गौरतलब है टी20 इंटरनेशनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड जोस बटलर के नाम पर है. बटलर ने सबसे ज्यादा 606 रन बनाए हैं. इसके बाद पाकिस्तान के बाबर आजम का नाम है. बाबर ने ओवरऑल 526 रन बनाए हैं. तीसरे पायदान पर इस मामले में 501 रन बनाने का कारनामा किया है. तिलक वर्मा का नाम चौथे स्थान पर है. उन्होंने ओवरऑल 496 रन बनाए हैं. इस लिस्ट में आखिरी पायदान पर डेविड वॉर्नर का नाम है. वॉर्नर ने टी20I में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 471 रन ठोके हैं.
ये भी पढे़ं:धवन की शादी में नहीं गए विराट कोहली… मजेदार कमेंट कर अपने दोस्त को दी मुबारकबाद, फैंस खूब कर रहे पसंद

