India-AI Impact Summit 2026 News in Hindi: भारत एक बार फिर अपनी वैश्विक ताकत दुनिया को दिखाने जा रहा है. अगले सप्ताह देश की राजधानी दिल्ली में दुनिया के तमाम बड़े नेताओं का जमावड़ा लगने वाला है. वे नेता इंडिया–एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं. पीएम मोदी की पहल से हो रही इस समिट को ग्लोबल साउथ के देशों में पहली बार होने वाली प्रमुख AI समिट के रूप में पेश किया जा रहा है.
16 से 20 फरवरी तक चलेगा एआई सम्मेलन
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि यह सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक चलेगी. इस सम्मेलन में केवल वैश्विक राजनेता ही नहीं बल्कि विभिन्न देशों के मंत्री, कंपनियों के सीईओ और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे. इस दौरान वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आर्थिक प्रभाव, गवर्नेंस फ्रेमवर्क और उसके भविष्य पर विचार-विमर्श करेंगे.
दिल्ली में लगेगा वैश्विक नेताओं का जमावड़ा
मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस एआई समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लुला दा सिल्वा और क्रोएशिया के पीएम एंड्रेज प्लेनकोविच भाग लेंगे.
इसके साथ ही गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्ले, मॉरीशस के पीएम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम और भूटान के पीएम त्शेरिंग टोबगे भी समिट में शामिल होंगे.
दुनिया को बड़ा संदेश दे रहा भारत
इस सम्मेलन में 45 से ज्यादा देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी विचार-विमर्श में शामिल होंगे. एक्सपर्टों के मुताबिक, यह समिट ऐसे समय में हो रही है जब वैश्विक एआई इकोसिस्टम में महत्वपूर्ण बदलाव आ रहे हैं. सरकारी प्रशासन से लेकर कंपनियों में एआई का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है. ऐसे में इस तरह का सम्मेलन के जरिए भारत दुनिया को संदेश देना चाहता है कि नई तकनीक में वह लीडर बनने की ओर आगे बढ़ रहा है.
2.5 करोड़ रुपये तक के बांटे जाएंगे पुरस्कार
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह सम्मेलन 20 फरवरी को खत्म होगा. पांच दिनों तक चलने वाले इस एआई कुंभ में कई प्रतियोगिताएं भी होंगी. जिसमें जीतने वालों को ढाई करोड़ रुपये तक के पुरस्कार मिलेंगे. साथ ही कई प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जिसमें 30 देशों के 300 से एग्जिबिटर अपने प्रोजेक्ट दिखाएंगे.
