News in Brief

Jacob Bethell Maiden Test Hundred: इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जेकब बेथेल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में ऐसा कारनामा किया है, जिसे इंग्लिश क्रिकेट फैंस सालों तक याद रखेंगे. एशेज सीरीज के आखिरी मैच में 22 साल के बेथेल ने शानदार शतक जड़कर बता दिया कि यूं ही नहीं उन्हें लंबी रेस का घोड़ा कहा जाता है. अपने दूसरे एशेज मुकाबले में जेकब बेथेल ने ऐतिहासिक शतक जड़ा. 

खास बात ये है कि ये जेकब बेथेल के फर्स्ट क्लास करियर का भी पहला शतक है. जैसे ही इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज ने 100 का आंकड़ा छुआ, स्टेडियम में मौजूद उनके पिता इमोशन पर काबू नहीं कर सके और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलकने लगे.

ऑस्ट्रेलिया से अकेले लड़ रहे जेकब बेथेल

Add Zee News as a Preferred Source

बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जा रही सिडनी की पिच पर दूसरी पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाज अपने विकेट लगातार गंवाते नजर आए. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे बेथेल ने 232 गेंद पर 15 चौकों की मदद से नाबाद 142 रन बनाए हैं. इस दौरान बेन डकेट 42 के साथ दूसरे विकेट के लिए 81, हैरी ब्रूक 46 के साथ 102 और जेमी स्मिथ 26 के साथ छठे विकेट के लिए उन्होंने 45 रन की साझेदारी की. बाकी बल्लेबाज विकेट गंवाते गए, लेकिन बेथेल ने अपना एक छोर थाम कर रखा.

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए एशेज में 2001 के बाद शतक लगाने वाले वह इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज बने हैं. आखिरी बार यह उपलब्धि जोनाथन ट्रॉट ने हासिल की थी. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए माइकल वॉन और मार्क बुचर भी शतक लगा चुके हैं.

सिडनी में इंग्लैंड पर हार का खतरा

302 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी इंग्लैंड की बढ़त मात्र 119 रन की है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 567 रन पर समाप्त हुई थी। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड पर 167 रन की बढ़त ली थी. इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 384 रन बनाए थे.

22 वर्षीय जेकब बेथेल एशेज सीरीज में अपने फर्स्ट क्लास करियर का पहला शतक जड़ने वाले 7वें और इंग्लैंड के दूसरे खिलाड़ी बने हैं. उनसे पहले जैक रसेल ने 1989 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में ये कारनामा किया था. इसके अलावा 144 सालों बाद ऐसा हुआ है जब किसी खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज के दौरान अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक जड़ा है. दिलचस्प बात ये है कि इससे पहले भी ये कारनामा सिडनी में ही हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज पर्सी मैकडोनेल ने 1892 में इंग्लैंड के खिलाफ ये काम किया था.