
Australian Open Elena Rybakina vs Jessica Pegula: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में विमेंस सिंगल्स के दूसरे सेमीफाइनल में कजाखस्तान की एलेना रायबाकिना ने शानदार जीत हासिल की. उन्होंने अमेरिका की जेसिका पेगुला को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली. अब 31 जनवरी को फाइनल में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बेलारूस की आर्यना सबालेंका से उनकी टक्कर होगी. दोनों खिलाड़ियों के बीच 2023 में भी फाइनल हुआ था. तब सबालेंका ने ट्रॉफी जीत ली थी. अब रायबाकिना की नजर बदला लेने पर है.
पेगुला को सीधे सेटों में हराया
रायबाकिना ने पेगुला के खिलाफ 6-3, 7-6(7) से जीत हासिल की. पांचवीं सीड खिलाड़ी अपने करियर के तीसरे ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंची हैं. यह 2023 के बाद उनका पहला फाइनल है. एलेना रायबाकिना ने जेसिका पेगुला के आखिरी समय के जोरदार हमले का सामना करते हुए, दूसरे सेट के टाईब्रेक में दो सेट प्वाइंट्स बचाए और दो घंटे से कुछ ज्यादा समय में मैच खत्म किया.
सबालेंका ने स्वितोलिना को किया परास्त
वर्ल्ड नंबर 1 एरिना सबालेंका ने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना के खिलाफ 6-2, 6-3 से सीधे सेटों में जीत दर्ज करते हुए लगातार चौथी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जगह बनाई है. स्वितोलिना पर जीत के साथ सबालेंका अब ओपन एरा में ऑस्ट्रेलियन ओपन में लगातार चार सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं. वह 1971 से 1977 तक लगातार सात फाइनल में हिस्सा लेने वाली ऑस्ट्रेलियाई इवोन गुलागोंग और 1997 से 2002 तक लगातार छह फाइनल खेलने वाली स्विस दिग्गज मार्टिना हिंगिसकी लिस्ट में शामिल हो गई हैं.
ये भी पढ़ें: क्रिकेट के बाद टेनिस में हैंडशेक कांड… नंबर-1 खिलाड़ी ने दुश्मन देश की प्लेयर से नहीं मिलाया हाथ, फिर बुरी तरह हराया
मर्टेंस और झांग की जोड़ी भी फाइनल में पहुंची
दूसरी ओर, चौथी सीड एलिस मर्टेंस और झांग शुआई की जोड़ी ने विमेंस डबल्स फाइनल में जगह पक्की कर ली है. मर्टेंस और झांग ने मार्गरेट कोर्ट एरिना में 90 मिनट से भी कम समय में एना शिबाहारा और वेरा ज्वोनारेवा को 6-3, 6-2 से हराया. इससे पहले रॉड लेवर एरिना में डैनिलिना और क्रूनिक ने डैब्रोव्स्की और स्टेफनी को एक कड़े मुकाबले में 7-6 (2), 3-6, 6-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. यह मैच लगभग ढाई घंटे तक चला.
