भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अगले कुछ दिनों में नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स की लिस्ट जारी करेगा. ऐसे में बोर्ड एक बड़ा बदलाव कर सकता है. BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया के मुताबिक बोर्ड टीम इंडिया के एनुअल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को बेहतर बनाने जा रहा है. देवजीत सैकिया का कहना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टीम इंडिया के एनुअल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में A+ कैटेगरी कैटेगरी को सस्पेंड कर सकता है.
BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से खत्म करेगा A+ कैटेगरी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने स्पोर्टस्टार को बताया कि यह कदम विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट और T20I से हटकर सिर्फ वनडे खेलने के फैसले की वजह से उठाया गया है. देवजीत सैकिया ने स्पोर्टस्टार से कहा, ‘यह प्लान बहुत जल्द आगे बढ़ेगा. हम एक कैटेगरी हटा रहे हैं, क्योंकि जो खिलाड़ी A+ कैटेगरी के लिए उपलब्ध थे, वे अब तीनों फॉर्मेट में से सिर्फ एक में खेल रहे हैं. हमने A+ कैटेगरी के लिए खिलाड़ी को क्वालिफाई करने के लिए जो क्राइटेरिया तय किए हैं, वे पूरे नहीं हो रहे हैं.’
क्या विराट-रोहित की वजह से होगा ये बड़ा बदलाव?
मौजूदा पॉलिसी के अनुसार, A+ कैटेगरी के क्रिकेटर को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं, जबकि कैटेगरी A वालों को 5 करोड़ रुपये, कैटेगरी B वालों को 3 करोड़ रुपये और कैटेगरी C वालों को 1 करोड़ रुपये मिलते हैं. 2025-26 के लिए अभी घोषित न होने वाले कॉन्ट्रैक्ट में खिलाड़ियों को सिर्फ कैटेगरी A, B और C में रखा जाएगा. पिछले सीजन में सिर्फ चार खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा A+ कैटेगरी में थे और अब जसप्रीत बुमराह उनमें से अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जो सभी फॉर्मेट खेलते हैं. विराट कोहली और रोहित शर्मा सिर्फ वनडे खेलते हैं, जबकि रवींद्र जडेजा टेस्ट और वनडे टीम का हिस्सा हैं, उन्होंने T20I से संन्यास ले लिया है.
देवजीत सैकिया ने समझाया गणित
देवजीत सैकिया ने कहा, ‘कुछ खिलाड़ी जो उस A+ कैटेगरी में थे, उन्होंने तीनों फॉर्मेट में न खेलने का फैसला किया है. इसलिए, क्वालिफाई करने और एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया को पूरा करने के लिए काफी खिलाड़ी नहीं बचे हैं. एक फॉर्मेट का खिलाड़ी A+ के लिए एलिजिबल नहीं होगा, इसलिए हमें यह फैसला लेना पड़ा. इसमें कोई मनमुटाव नहीं है.’ हालांकि, यह समझा जाता है कि जसप्रीत बुमराह की सैलरी में कोई कटौती नहीं होगी, जो वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से कभी-कभी मैच मिस करने के बावजूद पेस अटैक के लीडर बने हुए हैं.
