
Sydney Thunder vs Perth Scorchers: बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025-26 के 16वें मैच में पर्थ स्कॉर्चर्स को शानदार जीत हासिल हुई. उसने सिडनी थंडर के खिलाफ 71 रनों की जोरदार जीत हासिल की. इसके साथ ही पर्थ की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई. उसके कप्तान एश्टन टर्नर ने मैच तो जिताया लेकिन वह दुर्भाग्यशाली रहे कि वह शतक नहीं लगा पाए. टर्नर 99 रनों पर नाबाद रह गए.
एश्टन टर्नर और कोनोली की शतकीय साझेदारी
सिडनी शोग्राउंड स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 202 रन बनाए. इस टीम ने 34 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. यहां से कूपर कोनोली ने कप्तान एश्टन टर्नर के साथ चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचाया. कूपर ने 27 गेंदों में 28 रन टीम के खाते में जोड़े.
शतक से चूके टर्नर
टर्नर ने आरोन हार्डी के साथ छठे विकेट के लिए 28 गेंदों में 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया. हार्डी ने 28 रन स्कॉर्चर्स के खाते में जोड़े, जबकि टर्नर ने 41 गेंदों में 8 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 99 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से डेनियल सेम्स ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि रीस टॉप्ले ने 2 विकेट निकाले.
ये भी पढ़ें: गौतम गंभीर का क्या होगा… कुर्सी रहेगी या जाएगी? 48 घंटे में दूसरी बार हेड कोच के सपोर्ट में उतरा BCCI
25 रन ही बना पाए वॉर्नर
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी थंडर की टीम को कप्तान डेविड वॉर्नर और मैथ्यू गिल्क्स ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने 6.4 ओवरों में 60 रन की साझेदारी की. वॉर्नर 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मैथ्यू ने 33 रन की पारी खेली. इनके अलावा, सैम कोंस्टास ने 21 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम 17.3 ओवरों में महज 131 रन पर ही सिमट गई.
ये भी पढ़ें: 2 मैच, 2 शिकस्त… सौरव गांगुली को रास नहीं रही कोचिंग? सुपरकिंग्स के बाद सनराइजर्स से भी टीम हारी
प्वाइंट्स टेबल में सिडनी थंडर सबसे नीचे
विपक्षी खेमे से जोएल पेरिस, ब्रूडी काउच, आरोन हार्डी और कूपर कोनोली ने 2-2 विकेट हासिल किए. वहीं, माहली बियर्डमैन ने एक विकेट निकाला.पर्थ स्कॉर्चर्स ने सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ अपना पहला मैच 5 विकेट से जीता था. इसके बाद उसे ब्रिस्बेन हीट के हाथों 8 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी. अगले मैच में होबार्ट हरिकेंस ने 4 विकेट से स्कॉर्चर्स को मात दी. दूसरी ओर, सिडनी थंडर 5 में से सिर्फ एक ही मैच जीत सकी है. यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर मौजूद है.
