Rahul Dravid Net Worth in 2026: भारतीय क्रिकेट के लीजेंड बल्लेबाज और कोच रह चुके राहुल द्रविड़ आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं. 1996 से 2012 तक उन्होंने भारत के लिए खेला और अपने इंटरनेशनल करियर में 24000 से ज्यादा रन बनाए. राहुल द्रविड़ जितने शांत दिखते थे, उतने ही घातक बल्लेबाज रहे. मैदान पर उन्हें आउट करने में गेंदबाजों के पसीने छूटते थे. यही वजह है कि क्रिकेट की दुनिया में इस दिग्गज को ‘द वॉल’, ‘मिस्टर भरोसेमंद’ और ‘मिस्टर कूल’ के तौर पर पहचान मिली.
दाएं हाथ के खब्बू बल्लेबाज द्रविड़ सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि कमाई के मामले में भी हिट रहे. वो करोड़ों के मालिक हैं. क्रिकेट को राहुल द्रविड़ ने सबकुछ दिया और फिर क्रिकेट ने उन्हें करोड़ों की दौलत. इस खेल के दम पर ही वो बड़ा नाम बने. संन्यास के बाद भी ये दिग्गज करोड़ों की कमाई कर रहा है.
राहुल द्रविड़ के 53वें जन्मदिन पर उनकी संपत्ति की बात करें तो यह दिग्गज 2026 में करीब 320 करोड़ का मालिक है. उन्होंने क्रिकेट खेलकर, कोचिंग करके और विज्ञापन करके ये पैसा कमाया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल द्रविड़ हर महीने करीब 1 करोड़ कमाते हैं, जबकि पूरे साल में 12 करोड़ की कमाई बताई जाती है.
कोचिंग के दम पर कमाए करोड़ों
राहुल द्रविड़ ने 2012 में संन्यास ले लिया था. इसके बाद वो कोचिंग में उतरे. जूनियर टीमों की कोचिंग की, अंडर-19 टीमों के साथ काम किया. फिर नवंबर 2021 से जून 2024 तक राहुल भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच रहे. कोच के तौर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड उन्हें सालाना करीब 12 करोड़ रुपये देता था. यह पूरी दुनिया में किसी भी क्रिकेट कोच की सबसे ज्यादा सैलरी मानी गई थी. उनकी कोचिंग में ही टीम इंडिया ने 2024 का टी20 विश्व कप जीता था, जिसके बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने संन्यास लेने का फैसला किया था.
आईपीएल में RR की कोचिंग की
राहुल द्रविड़ ने बतौर खिलाड़ी आईपीएल खेला. फिर इस लीग में कोचिंग भी की. पिछले सीजन तक वो राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच थे. 2025 में उन्हें इस फ्रेंचाइजी ने कोचिंग के लिए करीब 5 करोड़ की सैलरी दी थी, लेकिन 2026 से ठीक पहले उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया.
एंडोर्समेंट से तगड़ी कमाई करते हैं द्रविड़
राहुल द्रविड़ की कमाई का सबसे बड़ा जरिया फिलहाल एंडोर्समेंट है. वे रीबॉक, पेप्सी, एचडीएफसी लाइफ, प्यूमा, क्रेड, प्रैक्टो और पिरामल रियल्टी जैसे बड़े ब्रांड्स से जुड़े रहे हैं, जिससे उन्हें सालाना करीब 3.5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई होती है.
करोड़ों का बंगला और लग्जरी कारों का शौक
राहुल द्रविड़ बेंगलुरु से आते हैं. वहां के इंदिरानगर में उनका एक आलीशान बंगला है, जहां द्रविड़ रहते हैं. इस बंगले को उन्होंने 2010 में खरीदा था, जिसकी कीमत शुरुआती तौर पर 4.2 करोड़ थी, लेकिन अब उसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जाती है. इस दिग्गज को कारों का भी शौक रहा है. यही वजह है कि उनके पास लग्जरी गाड़ियों का काफिला है. उनके गैराज में टोयोटा इनोवा क्रिस्टा, पोर्श 911 कैरेरा एस, ऑडी क्यू5 और मर्सिडीज-बेंज जीएलई 350 जैसी लग्जरी कारें शामिल हैं.
राहुल द्रविड़ का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा?
राहुल द्रविड़ का क्रिकेट करियर शानदार रहा है. उन्होंने टीम इंडिया के लिए 164 टेस्ट खेले और 13,288 रन बनाए, वहीं344 वनडे में 10,889 रन किए. इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम 24000 से ज्यादा रन हैं. उनके नाम 48 इंटरनेशनल शतक भी दर्ज हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: ऋषभ पंत की जगह लेने को तैयार ये 2 तूफानी खिलाड़ी, ठोकते हैं बड़े-बड़े छक्के, किसकी लगेगी लॉटरी?
