News in Brief

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ICC से पंगा लेना भारी पड़ सकता है. बांग्लादेश क्रिकेट टीम तो टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है. BCB को इसका बड़ा आर्थिक नुकसान होना तय है. ICC भविष्य में बीसीबी पर कई कड़े प्रतिबंध भी लगा सकती है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का समर्थन करने का बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. दरअसल, पिछले कुछ समय में भारत और बांग्लादेश के बीच आपसी संबंध लगातार खराब हुए हैं. बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं. इन घटनाओं ने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों के बीच कटुता पैदा की है. वहीं, भारत से जैसे-जैसे बांग्लादेश के संबंध खराब हुए हैं, पाकिस्तान के साथ ठीक वैसे ही उसकी निकटता बढ़ी है. इस निकटता को पाकिस्तान-बांग्लादेश क्रिकेट के क्षेत्र में वर्चस्व बढ़ाने के तौर पर देख रहे हैं.

भारत और बांग्लादेश के विवाद में कूदा PCB

भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे विवाद में पीसीबी बिना बुलाए मेहमान की तरह आया है और BCB के पक्ष में अपने बयानों से अपने लिए मुसीबत बढ़ा रहा है. बांग्लादेश में हिंदूओं के खिलाफ हो रही हिंसा का भारत में भारी विरोध हुआ. विरोध करने वाले संगठन आईपीएल 2026 से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने की मांग कर रहे थे. बीसीसीआई से निर्देश मिलने के बाद केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया. इसे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने गलत तरीके से लिया. बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण बैन करने का निर्णय लिया गया. साथ ही बीसीबी ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप मैचों के लिए भारत न भेजने का निर्णय लिया. BCB ने ICC से अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने या फिर अपना ग्रुप बदलने की मांग की जिसे ICC ने खारिज कर दिया.

Add Zee News as a Preferred Source

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सपोर्ट कर ICC से लिया पंगा

इसे पूरे प्रकरण में पाकिस्तान का कहीं रोल नहीं है. पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच पहले से ही श्रीलंका में शेड्यूल किए गए हैं. इसके बावजूद पाकिस्तान ने बांग्लादेश को भारत न आने के उनके स्टैंड पर डटे रहने की सलाह दी और अपने सहयोग का भरोसा दिया. आईसीसी के बोर्ड सदस्यों की बैठक में बांग्लादेश के समर्थन में वोट करने वाला एकमात्र देश भी पाकिस्तान ही था. बांग्लादेश ने आईसीसी को मेल भी किया कि उसके आयोजन स्थल भारत से हटाकर श्रीलंका में कर दिए जाएं. आईसीसी ने बांग्लादेश का अनुरोध नहीं माना और उनके खिलाड़ियों की सुरक्षा की गारंटी लेते हुए उन्हें भारत जाकर टी20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने की सलाह दी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड नहीं माना और अपनी सरकार की सलाह पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है. उसकी जगह आईसीसी ने स्कॉटलैंड को जगह दी है.

पाकिस्तान ने ICC को दी धमकी

बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने को पीसीबी ने गलत बताया है. पीसीबी का मानना है कि अगर उनके लिए हाइब्रिड मॉडल की व्यवस्था हो सकती है, तो फिर बांग्लादेश के लिए क्यों नहीं? टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम घोषित होने के बाद भी पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की धमकी दी है. पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी का कहना है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा या नहीं, इसका फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ करेंगे. संभवत: आज या मंगलवार तक टी20 वर्ल्ड कप में शामिल होने या न होने पर पाकिस्तान की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.

ICC से पंगा पाकिस्तान को पड़ेगा महंगा

दरअसल, पाकिस्तान बांग्लादेश के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने की कोशिश कर रहा है और बीसीसीआई के साथ ही आईसीसी के लिए मुसीबत खड़ी करने की कोशिश कर रहा है. इसकी मुख्य वजह ICC अध्यक्ष जय शाह का भारतीय होना है. बीसीसीआई और आईसीसी के विरोध की कोशिश में पाकिस्तान जो भी कर रहा है, उससे उसके क्रिकेट को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है. आईसीसी में भी बीसीसीआई के सामने पाकिस्तान की ताकत बेहद कमजोर है. इसका पता आईसीसी में बोर्ड सदस्यों की हाल में हुई वोटिंग में दिखा जब बांग्लादेश और पाकिस्तान को किसी भी देश का समर्थन नहीं मिला. पाकिस्तान के लिए बीसीबी के कंधे पर बंदूक रखकर बीसीसीआई और आईसीसी से पंगा लेना बहुत महंगा पड़ सकता है.

क्रिकेट हो जाएगी पूरी तरह ठप

अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ तो उसकी जगह युगांडा को मौका दिया जा सकता है. इसके बाद ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कड़े प्रतिबंध लगा सकती है. इसमें आईसीसी, एसीसी प्रतियोगिताओं से बैन करना, द्विपक्षीय सीरीज की अनुमति न देना, और पीएसएल के लिए विदेशी खिलाड़ियों को एनओसी न देना सहित कुछ आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो पाकिस्तान क्रिकेट बर्बाद हो सकता है.