T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को आज अपने ग्रुप स्टेज का दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ दिल्ली में खेलना है. इस मैच से पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अभिषेक शर्मा शायद ना खेलें, क्योंकि उन्हें पेट संबंधी समस्या है. जिसका इलाज कराने के लिए वह अस्पताल में एडमिट भी हुए थे और मैच के एक दिन पहले ही छुट्टी मिल चुकी है. माना जा रहा है कि अभिषेक की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं, लेकिन भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत का कुछ और ही मानना है. उन्होंने नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच की प्लेइंग 11 को लेकर कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए एक बड़ा और चौंकाने वाला सुझाव दिया है.
भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ये मानते हैं कि नामीबिया के खिलाफ अगर अभिषेक नहीं खेलते तो संजू सैमसन को नहीं, बल्कि वाशिंगटन सुंदर को टॉप ऑर्डर में खिलाना चाहिए. श्रीकांत का मानना है कि सुंदर को ओपनिंग करानी चाहिए, ताकि उन्हें मैच प्रैक्टिस मिल सके.अब देखना होगा कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ये सुझाव मानते हैं या नहीं.
श्रीकांत ने क्या कहा?
‘चीकी चीका’ शो पर श्रीकांत ने कहा ‘अगर मैं कप्तान होता तो मेरी सोच अलग होती. संजू पूरी तरह आउट ऑफ फॉर्म हैं. मैं वॉशिंगटन सुंदर को टीम में लाकर उनसे ओपनिंग करवाता. मैं चाहता हूं कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले फिट होकर गेम टाइम हासिल करें. अगर अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ वापस आते हैं, तो मैं सुंदर को आठवें नंबर पर भेजूंगा और रिंकू सिंह को बाहर करूंगा. मेरी सोच आउट ऑफ द बॉक्स है. संजू को काफी मौके दिए गए हैं, लेकिन उन्होंने कुछ खास नहीं किया. यह सिर्फ सुंदर को मैच का फील देने के लिए है.’
दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज वाशिंगटन सुंदर पूरी तरह फिट हैं. वह टीम इंडिया से जुड़ चुके हैं. अभिषेक शर्मा वायरल बुखार और पेट के इंफेक्शन की वजह से अस्पताल में रहे. टीम मैनेजमेंट की ये सोच है कि 15 तारीख को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले उन्हें लेकर कोई रिस्क ना उठाया जाए. श्रीकांत का ये मानना है कि जब पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक वापसी करेंगे, तो फिर सुंदर को निचले क्रम में भेज दिया जाए. उन्होंने साफ कहा कि यह उनकी ‘लीक से हटकर’ सोच है, जिसका मकसद सुंदर को ज्यादा मैच अनुभव देना है.
संजू के पास आखिरी मौका
हालांकि आखिर में श्रीकांत ने ये भी कहा कि अगर संजू सैमसन को नामीबिया के खिलाफ मौका मिलता है, तो उन्हें इस मौके का पूरा फायदा उठाना होगा, क्योंकि बार-बार मौके नहीं मिलते. श्रीकांत के मुताबिक अब संजू के पास खुद को साबित करने का यह बड़ा मौका हो सकता है. संजू को टी20 विश्व कप टीम में मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के 5 मैचों में वह सिर्फ 42 रन ही बना पाए थे. इसलिए भारत ने पहले मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ इन-फॉर्म खिलाड़ी ईशान किशन से ओपनिंग कराई थी.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: IND vs NAM: ना कोई चोट… ना खराब प्रदर्शन… फिर भी प्लेइंग 11 से बाहर होगा ये खिलाड़ी, वजह ही कुछ ऐसी है
