IND vs NZ 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज दांव पर है. इंदौर में ‘करो या मरो’ का मुकाबला होगा. तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. भारत को अगर इस ODI सीरीज पर कब्जा करना है तो उसे हर हाल में इंदौर के मैदान पर जीत दर्ज करनी होगी. बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में खेला गया पहला मुकाबला भारत ने 4 विकेट से जीता था. वहीं, राजकोट में खेले गए दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पलटवार करते हुए भारत को 7 विकेट से हरा दिया. अब दोनों देशों के बीच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में आज दोपहर 1:30 बजे से वनडे इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा.
क्या इंदौर में बारिश बिगाड़ेगी खेल?
इंदौर में मौसम का पूर्वानुमान है कि आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, जिससे होलकर क्रिकेट स्टेडियम में हमें बिना किसी रुकावट के मैच देखने को मिलेगा. इंदौर में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. ह्यूमिडिटी लगभग 68 परसेंट रहने की उम्मीद है. बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 122 वनडे खेले गए हैं. भारतीय टीम का पलड़ा भारी है. टीम इंडिया ने 63 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड ने 51 मैचों में जीत हासिल की है. 1 मैच टाई रहा है, जबकि 7 मैचों का परिणाम नहीं आया है.
दांव पर सीरीज
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले कई अहम खिलाड़ियों को आराम देने के बाद, कमजोर कीवी टीम से शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी कि वे तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज को आखिरी मैच तक ले जाएंगे, लेकिन स्टैंड-इन कप्तान माइकल ब्रेसवेल और उनकी टीम ने राजकोट में दूसरे वनडे में शानदार प्रदर्शन किया और मजबूत भारतीय टीम को 7 विकेट से हरा दिया. अब तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज दांव पर है. भारतीय टीम हर हाल में इस मैच को जीतकर सीरीज पर 2-1 से कब्जा करने उतरेगी.
विराट ने इस मैदान में अब तक 4 वनडे खेले
तीसरा वनडे जीतने वाली टीम सीरीज की विजेता होगी. इस मैच में भारतीय टीम के सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली के प्रदर्शन पर नजर रहेगी. विराट का होल्कर स्टेडियम, इंदौर में अब तक साधारण प्रदर्शन रहा है. विराट ने इस मैदान में अब तक 4 वनडे खेले हैं. इसमें 33 के औसत से सिर्फ 99 रन उनके बल्ले से निकले हैं. सर्वाधिक स्कोर 36 रन रहा है. ऐसे में विराट आज इस मैदान पर उतरेंगे तो अपने पुराने रिकॉर्ड को बेहतर करना चाहेंगे. इंदौर में रहने वाले फैंस भी चाहेंगे कि विराट एक यादगार पारी खेलें, क्योंकि इस मैच के बाद स्टेडियम में वह बतौर खिलाड़ी कब लौटेंगे, इस पर फिलहाल कुछ भी नहीं कहा जा सकता, इसलिए विराट रविवार को अपने और अपने फैंस के लिए यादगार बनाना चाहेंगे.
