
Suryakumar Yadav 3000 T20I Runs: न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में सूर्यकुमार यादव ने इतिहास रच दिया. सूर्या ने बैटिंग की चमक से बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय कप्तान ने 30 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपने 3000 रन भी पूरे कर लिए. इस मुकाम पर पहुंचते ही सूर्या ने इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया.
कप्तान सूर्यकुमार यादव गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 3 हजार टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इसी मैच में ईशान किशन ने शानदार शतक जड़ा और एक ही ओवर के दौरान 6 बाउंड्री लगाकर सनसनी मचा दी. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी पांचवें टी20 मैच में ईशान किशन ने भारतीय पारी के 12वें ओवर में ईश सोढ़ी की जमकर कुटाई की. इस ओवर की पहली डिलीवरी वाइड रही, जिसके बाद अगली तीन गेंदों पर किशन ने चौके लगाए। इसके बाद ओवर की चौथी गेंद पर डीप मिड-विकेट की दिशा में छक्का जड़ा. ईशान किशन ने 43 गेंदों पर 103 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जड़ा.
टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 3000 रन बनाने के मामले में सूर्यकुमार यादव अब टॉप पर पहुंच गए हैं. दूसरे पर जोस बटलर और तीसरे पर ऐरोन फिंच हैं. वहीं, सूर्या से पहले बतौर भारतीय ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2149 गेंदों में 3000 रन का आंकड़ा पार किया था.
T20I में 3000 रन बनाने के लिए सबसे कम गेंदें
1822 – सूर्यकुमार (भारत)
2068 – जोस बटलर (इंग्लैंड)
2078 – आरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया)
2113 – डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया)
2149 – रोहित शर्मा (भारत)
2169 – विराट कोहली (भारत)
2203 – मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड)
2226 – पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड)
2317 – बाबर आजम (पाकिस्तान)
2349 – मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान)
ये भी पढ़ें: रिकी पोंटिंग ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, T20 वर्ल्ड कप गेंदबाजों के लिए काल बनेगा ये बल्लेबाज, बनाएगा सबसे ज्यादा रन!
