IND vs NZ 1st T20I: अगर हम टी20 में अर्शदीप सिंह को टीम इंडिया की जीत की गारंटी कहें तो कुछ गलत नहीं होगा. इसका गवाह वो रिकॉर्ड है, जो अर्शदीप सिंह ने नागपुर में खेले गए पहले टी20 में अपने नाम किया है. अर्शदीप सिंह ने वैसे तो 4 ओवर में 31 रन देकर सिर्फ एक विकेट निकाला, लेकिन इस एक विकेट के दम पर उन्होंने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया. वो एक खास मामले में सबसे आगे निकल चुके हैं.
पहला सवाल ये कि आखिर अर्शदीप जीत की गारंटी कैसे हैं तो जान लीजिए कि अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के ओपनर डेवोन कॉन्वे को आउट करके टीम इंडिया की जीत पक्की कर दी थी. ऐसा इसलिए क्योंकि अर्शदीप ने अपने करियर के 11 टी20 इंटरनेशनल मैचों में जब भी पहले ओवर में विकेट निकाला है, तब टीम इंडिया को जीत नसीब हुई है. ये रिकॉर्ड बताता है कि जब-जब अर्शदीप पहले ओवर में विकेट निकालते हैं तो टीम इंडिया की जीत ही हो जाती है.
शाहीन शाह अफरीदी का कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा?
अब शाहीन शाह अफरीदी के उस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात कर लेते हैं जो अर्शदीप सिंह ने ब्रेक कर दिया है. अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल में गेंदबाजी की शुरुआत करते हुए सबसे ज्यादा विकेट निकालने वाले बॉलर बन चुके हैं. नागपुर में भारत के लिए पहला ओवर डालने आए थे और दूसरी ही बॉल पर कॉन्वे को अपना शिकार बनाया और शाहीन शाह अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया.
दरअसल, शाहीन शाह अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए गेंद से पारी का आगाज करते हुए कुल 27 शिकार किए थे, लेकिन अर्शदीप 28 विकेट के साथ सबसे आगे निकल चुके हैं. अर्शदीप ने 67वीं पारी में 28 विकेट लेकर इतिहास रचा है. ये विकेट उन्होंने पहले दो ओवर में निकाले हैं. दूसरे नंबर पर शाहीन शाह अफरीदी और यूएई के जुनैद सिद्दिकी हैं, जिन्होंने 27-27 शिकार किए हैं.
टीम जीत में निकाले हैं 94 विकेट
अर्शदीप सिंह अब तक 73 मैचों में 111 शिकार कर चुके हैं. आपको जानकर खुशी होगी कि टीम इंडिया की जीत में उन्होंने 94 विकेट निकाले हैं. मतलब ये कि जब भी अर्शदीप विकेट लेते हैं तो टीम अधिकतर मैच जीतती है. टीम इंडिया की जीत में अर्शदीप ने 55 मैचों की 55 पारियों में 16.32 के औसत और 7.96 की इकॉनमी से 94 शिकार किए हैं. 9 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया… Abhishek Sharma ने वो कर डाला, जो कभी नहीं हुआ था, पूरी दुनिया में बजा डंका
