ICC T20 World Cup 2026 India vs Pakistan Match: इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. ग्रुप स्टेज का सबसे बड़ा मुकाबला कल यानी 15 तारीख को होने जा रहा है, जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होगी. यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है. मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है, लेकिन सबके मन में एक ही सवाल है कि आखिर कौन सी टीम बाजी मारेगी? कागजों पर टीम इंडिया आगे दिखती है. उसने टी20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ 8 में से 7 मैच जीते हैं, लेकिन कोलंबो में पाकिस्तान बराबरी की टक्कर दे सकती है, क्योंकि वहां स्पिनर्स को मदद मिलती है. पाकिस्तान इस बार स्पिन के 4-4 विकल्प लेकर मैदान पर उतरी है और पहले दोनों मैच उसने स्पिनर्स के दम पर ही जीते हैं.
इस मैच में कौन सी टीम बाजी मारेगी? इसे लेकर क्रिकेट जगत के दो दिग्गजों ने भविष्यवाणी की है. इनमें पहला नाम ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क का है और दूसरा नाम श्रीलंका टीम के दिग्गज गेंदबाज रहे चामिंडा वास का. क्लार्क ने खुलकर अपना जवाब दिया, लेकिन वास ने अपने जवाब से सस्पेंस बनाए रखा और सभी को हैरान कर दिया.
माइकल क्लार्क ने किसे बताया विनर?
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क का मानना है कि कोलंबो में होने वाले इस मैच में टीम इंडिया जीतेगी. क्लार्क ने कहा, “मैं भारत की जीत की भविष्यवाणी कर रहा हूं. मुझे लगता है कि पाकिस्तान लंबे समय से भारत के खिलाफ खेलने के दबाव को संभालने में सक्षम नहीं रहा है. मेरे हिसाब से मौजूदा समय में पाक टीम मैदान के बाहर कुछ समस्याओं से जूझ रही है. यह समस्या पिछले काफी समय से बनी हुई है.”
आंकड़ों से मैच कर रही क्लार्क की भविष्यवाणी
माइकल क्लार्क मानते हैं कि टीम इंडिया पूरे मैच में पाकिस्तान पर हावी रहेगी, क्योंकि भारत इस वक्त बढ़िया फॉर्म में चल रही है. क्लार्क ने यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान को जीतना है तो उसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. उसे तभी जीत मिल सकती है जब भारतीय टीम अपने कुछ मौके गंवाएगी. क्लार्क की यह भविष्यवाणी आंकड़ों के हिसाब से मेल भी खाती है, क्योंकि टी20 इंटरनेशनल में भारत ने 16 में से 13 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीत ही नसीब हो सकी हैं. टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम 7-1 से आगे है.
चामिंडा वास ने क्या कहा?
अब बात करते हैं चामिंडा वास की, जिन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच में विनर टीम को लेकर कुछ ऐसा कहा, जो आपको भी जानना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत-पाक मैच का नतीजा स्किल से ज्यादा प्रेशर हैंडलिंग तय करेगी. वास के मुताबिक जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से झेलेगी, वही बाजी मारेगी.
इस दिग्गज ने पाक टीम के दो नाम लिए हैं. पहला बाबर आजम और दूसरा नाम शाहीन शाह अफरीदी. उन्होंने कहा कि भारत को जीत के लिए इन दोनों के असर को सीमित करना होगा. वास ने यह माना कि टीम इंडिया की ताकत उसकी गहराई और हरफनमौला खिलाड़ी हैं, जो अलग-अलग परिस्थितियों में मैच जिता सकते हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: विराट कोहली के इस प्रचंड रिकॉर्ड के पीछे पड़े Tilak Varma, 5 सिक्स लगाते ही रच देंगे इतिहास
