India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हो और मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा ना देखने को मिले, ऐसा कैसे हो सकता है? टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मैच में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हो रहा है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शिवम दुबे आउट होने के बाद काफी गुस्से में दिखे.
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों का स्कोर खड़ा किया. अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हुए, लेकिन उनके जोड़ीदार ईशान किशन ने पाक गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 77 रनों की शानदार पारी खेली. आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने भी तेवर दिखाए और 17 गेंदों पर 27 रनों की कीमती पारी खेली. हालांकि, आउट होने के बाद वो काफी गुस्से में दिखे.
शिवम दुबे को क्यों आया गुस्सा?
शिवम दुबे आमतौर पर काफी शांत मिजाज के खिलाड़ी माने जाते हैं. शायद ही उन्हें कभी मैदान पर आपा खोते हुए देखा गया होगा. हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में वो अपने इमोशन पर काबू नहीं कर सके और आगबबूला हो गए. दिलचस्प बात ये है कि शिवम दुबे के गुस्से की वजह पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं बल्कि अपने ही टीम के रिंकू सिंह हैं.
रिंकू सिंह की लगाई क्लास
ये दिलचस्प ड्रामा भारत की बैटिंग पारी के आखिरी ओवर में हुआ. शाहीन अफरीदी की पहली गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़ा. तीसरी गेंद पर ही गेंद सीमा रेखा के पार गई और फिर चौथी गेंद पर रिंकू ने शानदार छक्का जड़ा. 5वीं गेंद पर रिंकू ने शॉट लगाई और शिवम दुबे डबल लेना चाहते थे. रिंकू ने मना कर दिया और दुबे रन आउट हो गए. इसके बाद वो काफी गुस्से में दिखे और ड्रेसिंग रूम जाने से पहले रिंकू की तरफ देखकर कुछ कहा. उन्हें पहली बार इतने भयंकर गुस्से में देखा गया.
भारत ने बनाए 175 रन
ईशान किशन की तूफानी पारी और सूर्या-शिवम के सपोर्ट की वजह से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों का स्कोर खड़ा किया. पाकिस्तान की तरफ से सईम अयूब ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. ईशान ने 40 गेंदों पर 77 रनों की बेहतरीन पारी खेली. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ ये भारत का सबसे अधिक स्कोर है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ धागा खोलकर जब आउट हुए ईशान किशन, कप्तान सूर्या ने बीच मैदान किया कुछ ऐसा, फैंस का जीता दिल
