News in Brief

IND vs NZ T20I and ODI series schedule: इंडिया ने हाल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज खेली. फिलहाल खिलाड़ी रेस्ट कर रहे हैं. बीते शनिवार को अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया. अब सवाल ये है कि आखिर भारतीय टीम अब कब मैदान पर उतरेगी? आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हम हाजिर हुए हैं. सबसे पहले तो ये जान लीजिए कि 2025 में अब भारत एक भी मैच नहीं खेलेगा. उसका अगला मिशन जनवरी 2026 में शुरू होगा. टीम इंडिया सबसे पहले जिस टीम से भिड़ने जा रही है, उसके खिलाफ वो तीन वनडे और 5 टी20 मैच खेलेगी. भारतीय टीम को मैदान पर उतरने में अभी पूरे 20 दिनों का वक्त है.

जिस टीम के खिलाफ भारत नए साल में पहली सीरीज खेलेगा, वो कोई और नहीं बल्कि न्यूजीलैंड है. भारत अपने घर में वनडे और टी20 सीरीज खेलेगा. सबसे पहले वनडे सीरीज होगी, जिसका आगाज 11 जनवरी से होने जा रहा है. आखिरी मैच 18 तारीख को होगा. फिर 5 मैचों की टी20 सीरीज होगी, जो 21 जनवरी से शुरू होकर 31 तारीख तक चलेगी. मतलब ये कि दोनों टीमों के बीच कुल 8 मैच खेले जाएंगे. हम इन सभी मैचों का शेड्यूल नीचे बता रहे हैं. उससे पहले आपको वनडे और टी20 में दोनों टीमों के हेड टू हेड के बारे में भी जान लेना चाहिए.

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे में हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अभी तक 120 वनडे हुए हैं. टीम इंडिया ने 62 मैच जीते, जबकि न्यूजीलैंड को 50 मैचों में जीत मिली है. 7 मैचों का रिजल्ट नहीं निकला. एक मैच टाई रहा. वनडे सीरीज के लिए भारत और न्यूजीलैंड, दोनों में से किसी भी टीम का ऐलान नहीं किया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

टी20 में भारत-न्यूजीलैंड के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड

वहीं अगर टी20 में हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक दोनों देशों के बीच कुल 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें 14 में भारत जीता, जबकि 10 मैच कीवी टीम ने अपने नाम किए. एक मुकाबला टाई रहा था. 5 मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है, जबकि कीवी टीम की तस्वीर साफ होना बाकी है.

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज 2026

11 जनवरी- पहला ODI, वडोदरा (दोपहर 1:30)

14 जनवरी- दूसरा ODI, राजकोट (दोपहर 1:30)

18 जनवरी- तीसरा ODI, इंदौर (दोपहर 1:30)

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज 2026

21 जनवरी- पहला टी20, नागपुर (शाम 7 बजे)

23 जनवरी-दूसरा टी20, रायपुर (शाम 7 बजे)

25 जनवरी- तीसरा टी20, गुवाहाटी (शाम 7 बजे)

28 जनवरी- चौथा टी20, विशाखापट्टनम (शाम 7 बजे)

31 जनवरी- पांचवां टी20, तिरुवनंतपुरम (शाम 7 बजे)

टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया इस प्रकार है

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह.

ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी से आगे निकले 3 खिलाड़ी…471 रन ठोक हीरो बना ये पाकिस्तानी, आयुष म्हात्रे के नाम शर्मनाक आंकड़े