IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम को बड़ा झटका लगा है. 14.2 करोड़ी खिलाड़ी प्रशांत वीर को चोट लग गई है. CSK ने IPL 2026 के मिनी-ऑक्शन में इस युवा अनकैप्ड खिलाड़ी पर बड़ी रकम खर्च की थी, पांच बार की चैंपियन टीम ने उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर प्रशांत वीर को 14.2 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा था. 20 साल का यह खिलाड़ी कार्तिक शर्मा के साथ IPL ऑक्शन के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाला अनकैप्ड खिलाड़ी बन गया था.
14.2 करोड़ी खिलाड़ी बुरी तरह चोटिल
झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन उत्तर प्रदेश के लिए खेलते समय प्रशांत वीर को गंभीर चोट लग गई. प्रशांत वीर लंच से पहले फील्डिंग करते समय कंधे में चोट लगने के कारण प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए और उनकी जगह शिवम शर्मा को शामिल किया गया. यह बदलाव भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा घरेलू क्रिकेट के लिए लागू किए गए नए नियमों के तहत ‘सीरियस इंजरी रिप्लेसमेंट’ के तौर पर किया गया. हालांकि वीर की चोट की सही जानकारी अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है, लेकिन ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनके कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रहने की उम्मीद है.
IPL 2026 से पहले CSK को लगा तगड़ा झटका
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए यह IPL 2026 से पहले तगड़ा झटका है, क्योंकि प्रशांत वीर को रवींद्र जडेजा के बदले टीम में शामिल किया गया था, जिन्हें नए सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड कर दिया गया था. प्रशांत वीर ने घरेलू क्रिकेट में तेजी से तरक्की की है और वह भारतीय क्रिकेट के टैलेंटेड युवा खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे हैं. प्रशांत वीर अगस्त-सितम्बर में खेली गई यूपी टी20 लीग 2025 के दौरान अपने धमाकेदार प्रदर्शन की वजह से चर्चा में आए थे. प्रशांत वीर एक स्पिन ऑलराउंडर हैं, जो बैटिंग और बॉलिंग से कहर मचाने में माहिर हैं.
यूपी टी20 लीग 2025 के जरिए चर्चा में आए
प्रशांत वीर ने यूपी टी20 लीग 2025 के दौरान 10 मैचों में 64 की औसत और 155.34 की स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए थे. प्रशांत वीर ने यूपी टी20 लीग 2025 में 35 चौके और 14 छक्के उड़ाए थे. इस टूर्नामेंट में प्रशांत वीर ने तीन अर्धशतक जमाए थे, जिसमें उनका हाईएस्ट स्कोर 58 रन रहा था. रवींद्र जडेजा के राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम में जाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपनी टीम में एक ऐसे घातक लेफ्ट आर्म स्पिनर की जरूरत थी, जो कातिलाना गेंदबाजी से विकेट चटकाए और लोअर ऑर्डर में विस्फोटक बैटिंग कर मैच फिनिशर का रोल निभाए. ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने प्रशांत वीर को खरीदा था.
