News in Brief

Joe Root 41th Test Century: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने अपने टेस्ट करियर का 41वां शतक जड़ दिया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही एशेज सीरीज 2025-26 का आखिरी टेस्ट सिडनी में खेला जा रहा है. पहले दिन का खेल खत्म होने तक रूट 72 रन बनाकर नाबाद थे. दूसरे दिन भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और खाते में 28 रन और जोड़कर अपने बेहतरीन टेस्ट करियर का 41वां शतक ठोका. बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक सेंचुरी और रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है. 

मास्टर ब्लास्टर ने भारत के लिए 200 टेस्ट मैचों में प्रतिनिधित्व किया और 53.78 की औसत से खेलते 15921 रन बनाए थे. सचिन के नाम इस फॉर्मेट में 51 शतक हैं. बात करें जो रूट की तो इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज अब तेजी से सचिन के महारिकॉर्ड की तरफ बढ़ रहे हैं. वो शतकों के महारिकॉर्ड से 11 और रनों से करीब 2000 रन दूर हैं.

जो रूट ने जड़ा 41वां टेस्ट शतक

Add Zee News as a Preferred Source

जो रूट ने साल 2026 की शुरुआत शानदार अंदाज में की है. वो पिछले 2-3 सालों से जिस तरह से खेल रहे हैं, उसको देखकर लगता है कि वो भारत के पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के महारिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं. रूट अभी 35 साल के हैं और उनकी फिटनेस भी कमाल की है. मौजूदा फॉर्म और हालात को ध्यान में रखकर कहें तो जो रूट अगले दो सालों में सचिन तेंदुलकर के टेस्ट रन और शतक के महारिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं. 

जो रूट ने की पोंटिंग की बराबरी

सिडनी में खेले जा रहे 5वें टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़कर जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान बल्लेबाज और कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है. पोंटिंग ने भी अपने टेस्ट करियर में 41 सेंचुरी जड़ी थी. सबसे अधिक टेस्ट शतक जड़ने वालों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर (51) पहले और साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज जैक्स कैलिस (45) दूसरे नंबर पर हैं. वहीं, रूट और पोंटिंग फिलहाल 41 शतक के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं.