
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया (Australia) में क्रिकेट की दीवानगी किसी से छिपी नहीं हैं, इस मुल्क की टीम को दुनिया की सबसे मजबूत और कामयाब टीमों में शुमार किया जाता है. मेलबर्न (Melbourne) की बात करें तो इश शहर का इतिहास क्रिकेट के बिना अधूरा है.
किक्रेट का दीवाना शहर है मेलबर्न
मेलबर्न (Melbourne) शहर ने क्रिकेट की दीवानगी का नया आयाम तय कर लिया है. इस शहर में जल्द ही घर का पता विराट कोहली (Virat Kohli) और सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) जैसे दिग्गज भारतीय क्रिकेटर्स के नाम से जाना जाएगा. इसकी तैयारी शुरू भी हो गई है. इंग्लैंड की बार्मी आर्मी (England’s Barmy Army) ने इसकी जानकारी ट्विटर के जरिए दी है.
Look at this new housing estate in Melbourne, we’ll pretend we’re shocked there is no ‘Cook Corner’ or Strauss Street
Great spot, @DennisCricket_ pic.twitter.com/t4lXpUoXVT
— England’s Barmy Army (@TheBarmyArmy) May 24, 2021
तेंदुलकर के नाम का पता
दरअसल मेलबर्न के सैटेलाइट सिटी रॉकबैक में एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है. इसमें गलियों के नाम दिग्गज क्रिकेटरों के नाम पर रखे जा रहे हैं. यहां ‘तेंदुलकर ड्राइव’, ‘कोहली क्रीसेंट’ और ‘देव टेरेस’ सरीखे नाम खरीदारों को लुभा रहे हैं.
कोहली के नाम पर सबसे महंगे इलाके की सड़क
एकोलेड एस्टेट की तरफ से बनाए जा रहे इस परिसर का निर्माण रेसी वेंचर के हाथों में है, जिसके निदेशक खुर्रम सईद क्रिकेट के बड़े प्रशंसक हैं. उन्होंने पहले कहा कि मेलबर्न शहर की मेलटन काउंसिल के पास 60 क्रिकेटरों के नाम भेजे गए थे. हमें तेंदुलकर और कोहली के नाम पर मंजूरी मिल चुकी है. सईद ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली मेरे सबसे ज्यादा पसंदीदा बल्लेबाज हैं और मैंने यहां सबसे महंगे इलाके की सड़क का नाम उनके नाम पर रखा है.’
यह भी पढ़ें- कमाल का है ये आर्टिस्ट, कोहली और धवन समेत इन क्रिकेटर्स की बनाई शानदार पेंटिंग्स
धोनी के नाम को मंजूरी नहीं
सईद ने बताया कि मेलटन काउंसिल ने अलग-अलग कारणों से पूर्व भारतीय क्रिकेट दिग्गज राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) और ‘कैप्टन कूल’ (Captain Cool) के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni)के नाम को मंजूरी नहीं दी है.
ब्रैडमैन के नाम से सड़क मौजूद
सईद ने मंजूरी नहीं मिलने का कारण स्पष्ट नहीं किया, लेकिन उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा के नाम की भी अनुमति काउंसिल ने नहीं दी है. उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डॉन ब्रैडमैन (Don Bradman) के नाम को भी मंजूरी इसलिए नहीं दी गई, क्योंकि उनके नाम पर मेलबर्न में पहले से ही एक सड़क मौजूद है.
कई विदेशियों के नाम पर सड़क
सईद ने बताया कि इस आवासीय परिसर में कई अन्य विदेशी क्रिकेटरों के नाम पर भी सड़कों और गलियों के नाम रखे गए हैं. इनमें ‘वॉ स्ट्रीट’, ‘मियांदाद स्ट्रीट’, ‘एंब्रोस स्ट्रीट’, ‘सोबर्स ड्राइव’, ‘कैलिस वे’, ‘हैडली स्ट्रीट’ और ‘अकरम वे’ शामिल हैं. कुल मिलाकर देखा जाए तो परिसर का मालिकाना हक रखने वाली बिल्डर कंपनी की सोच पूरी तरह इस इलाके के लिए लोगों की क्रिकेट दीवानगी को भुनाने की है.
भारतीयों को पसंद है रॉकबैक
मेलटन काउंसिल के तहत आने वाला रॉकबैक इलाका भारतीय समुदाय के मेलबर्न (Melbourne) में बसने के लिए पसंदीदा स्थानों में से एक है. यहां पर भारतीय घर खरीदना सबसे ज्यादा पसंद करते हैं. इस कारण इस इलाके में भारतीय समुदाय के लोगों की तादाद मौजूद है.
