gold heist project 24k: कनाडा के पील पुलिस ने सोमवार को देश की सबसे बड़ी सोने की चोरी, प्रोजेक्ट 24K, में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. 43 वर्षीय अर्सलान चौधरी को टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया, वह दुबई से कनाडा लौट रहे थे और पुलिस के मुताबिक उनका कोई स्थायी पता नहीं है. चौधरी पर $5,000 से अधिक की चोरी, अपराध से प्राप्त संपत्ति रखने और गंभीर अपराध साजिश रचने के आरोप लगे हैं.

400 किलो शुद्ध सोने की चोरी
यह चोरी अप्रैल 2023 में हुई थी. एक फ्लाइट जूरिक, स्विट्जरलैंड से टोरंटो आई थी, जिसमें लगभग 400 किलो शुद्ध सोना था. यह करीब 6,600 बार्स के बराबर था और इसकी कीमत $20 मिलियन से अधिक थी. साथ ही, $2.5 मिलियन की विदेशी मुद्रा भी थी. सोने का कार्गो एयरपोर्ट पर उतारा गया और अलग जगह ले जाया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद यह गायब हो गया.

पुलिस ने जांच शुरू की और क्रॉस-बॉर्डर कार्रवाई करते हुए दस लोगों की पहचान की थी. इनमें 33 वर्षीय सिमरन प्रीत पनेसर शामिल हैं, जो ब्रैम्पटन के निवासी हैं और अब भारत में हैं. पनेसर ने एयरलाइन सिस्टम में छेड़छाड़ कर कार्गो शिपमेंट को डाइवर्ट करने में मदद की थी. उन पर कनाडा भर में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

 कानूनी कार्रवाई  का सामना कर रहे हैं आरोपी
अन्य आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं. इनमें आर्चित ग्रोवर, पारंपल सिद्धू, अमित जलोता, प्रसाद परमालिंगम और अली रजा शामिल हैं. 27 वर्षीय डुरांटे किंग-मकलीन फिलहाल अमेरिका में हथियार तस्करी मामले में हिरासत में हैं. अर्सलान चौधरी सहित सभी आरोपी अब कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं.

पील पुलिस के चीफ निशान दुराईप्पा ने कहा कि यह जांच दिखाती है कि हमारी टीम जटिल और अधिक जोखिम वाले अपराधों को भी पकड़ने में सक्षम है. प्रोजेक्ट 24K यह साबित करता है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ काम करके अपराधियों को पकड़ना संभव है. उन्होंने साफ कहा कि चाहे आरोपी कहीं भी छिपें, पुलिस उन्हें ढूंढ ही लेगी.
ये भी पढ़ें: भारत में जर्मनी के चांसलर मेर्ज का हुआ आगमन! PM मोदी से मुलाकात, व्यापार और टेक्नोलॉजी पर होगी बात