News in Brief

नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं. आईपीएल (IPL) में धोनी की कप्तानी में खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है. माही की ही सलाह के चलते खिलाड़ियों ने दुनिया में खूब नाम कमाया है. इसी बीच एक और खिलाड़ी ने अब धोनी की कप्तानी में खेलने की इच्छा जताई है.

माही की कप्तानी में खेलना है सपना 

आईपीएल (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से खेलने वाले अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान (Rashid Khan) ने अब इच्छा जताई है कि वो भी जल्द ही धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में खेलें. उन्होंने हाल ही में यूट्यूब पर ‘क्रिकास्ट’ शो में कहा, ‘मेरा सपना है कि मैं धोनी की कप्तानी में क्रिकेट खेलूं. उनकी कप्तानी में खेलने से मुझे उनके अनुभव का फायदा मिलेगा. एक विकेटकीपर की भूमिका किसी भी गेंदबाज के लिए काफी अहम रहती है और मेरे हिसाब से इस मामले में धोनी से बेहतर कोई नहीं है.’

धोनी ने राशिद को दी ये सलाह 

आईपीएल (IPL) के एक मैच के दौरान धोनी (MS Dhoni) ने राशिद खान (Rashid Khan) से भी बातचीत की थी. धोनी अक्सर मैच खत्म होने के बाद युवा खिलाड़ियों को सलाह देते हुए नजर आते हैं. राशिद ने बताया कि एक बार माही ने उन्हें मैच के बाद एक खास सलाह दी थी. उन्होंने कहा, ‘मैंने मैच खत्म होने के बाद धोनी से काफी बातचीत की है और वो मेरे लिए काफी फायदेमंद भी साबित हुई. आखिरी बार उन्होंने मुझसे कहा था कि तुम फील्डिंग करते वक्त थोड़ा ध्यान रखा करो. तुम डाइव मारते हो. जब जरूरत नहीं होती तो गेंदबाजी मत किया करो, तुम बहुत आक्रामक हो जाते हो. एक ही राशिद खान हैं और लोग उसे देखना चाहते हैं. अगर आपको चोट लगी तो क्या होगा? मैं जडेजा को भी यही बात कहता रहता हूं.’

भारत के सबसे सफल कप्तान हैं धोनी 

धोनी (MS Dhoni) को भारतीय टीम का अब तक का सबसे सफल कप्तान माना जाता है. धोनी की कप्तानी में भारत ने दो वर्ल्ड कप जीतने के साथ-साथ एक चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब भी जीता है. इसके अलावा आईपीएल में सीएसके की कप्तानी करते हुए उन्होंने 3 बार इस बड़ी लीग का खिताब जीता है.