News in Brief

Namibia vs Netherlands: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हरा दिया. मंगलवार (10 फरवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उसने टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में पहली जीत हासिल कर ली. उसे पिछले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. दूसरी ओर, नामीबिया ने हार के साथ इवेंट में अपनी शुरुआत की है. उसे नीदरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है.

लीडे ने अकेले मैच जिताया

नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. उसने नामीबिया को 20 ओवर में 156/8 के स्कोर पर रोक दिया. इसके बाद 18 ओवरों में 3 विकेट पर 159 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. उसके लिए बास डी लीडे ने 48 गेंद पर सबसे ज्यादा नाबाद 72 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा. उनके साथ कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स 9 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे. 

Add Zee News as a Preferred Source

ये भी पढ़ें: Explained: पाकिस्तान की नौटंकी, बांग्लादेश से ‘धोखा’ और ICC का डैमेज कंट्रोल, कैसे हुआ IND vs PAK मैच का रास्ता साफ?

एकरमन और लीडे ने नीदरलैंड को जीत के करीब पहुंचाया

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की शुरुआत खराब रही. मैक्स ओडाड 7 रन बनाकर तीसरे ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए. उन्हें बर्नांड शोल्ट्ज ने गेरार्ड इरास्मस के हाथों कैच कराया. इसके बाद लीडे और ओपनर माइकल लेविट ने दूसरे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी ली. लेविट 15 गेंद पर 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उन्हें रूबेन ट्रम्पलमैन ने विलियम माइबर्ग के हाथों कैच कराया. लीडे को फिर कॉलिन एकरमन का साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी करके नीदरलैंड को जीत के करीब पहुंचा दिया. एकरमन 28 गेंद पर 32 रन बनाकर लॉफ्टी ईटन का शिकार बने. उनके बाद लीडे ने कप्तान एडवर्ड्स के साथ मिलकर मैच को समाप्त कर दिया.

ये भी पढ़ें: बैडलक! टेस्ट में 299 रन पर आउट होने वाला इकलौता बल्लेबाज, क्रिकेट का सबसे ‘दुखद’ रिकॉर्ड

नामीबिया के लिए किसी ने नहीं लगाई फिफ्टी

इससे पहले नामीबिया के लिए जान निकोल लॉफ्टी ईटन ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए. उनके अलावा जान फ्रिलिंक ने 30 और जेजे स्मिट ने 22 रनों का योगदान दिया. कप्तान इरास्मस 18 रन ही बना सके. नीदलैंड के लिए लोगन वान बीक और बास डी लीडे ने 2-2 विकेट लिए. नीदरलैंड के अब 2 मैचों में 2 अंक हो गए. वह ग्रुप ए में पाकिस्तान से ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गया. भारत 2 अंकों के साथ बेहतर नेट रनरेट के साथ शीर्ष पर है. नामीबिया की टीम अब 12 फरवरी को दिल्ली में ही भारत के खिलाफ खेलेगी. वहीं, नीदरलैंड का मुकाबला 13 फरवरी को अमेरिका से चेन्नई में होगा.